मुंबई, 25 मई। अभिनेता आशुतोष राणा और उनकी पत्नी, अभिनेत्री रेणुका शहाणे, आज अपनी शादी की 25वीं वर्षगांठ मना रहे हैं। इस खास मौके पर, राणा ने अपनी पत्नी के साथ बिताए खुशहाल क्षणों को याद किया। उन्होंने इंस्टाग्राम पर अपनी पत्नी के साथ बिताए अनमोल लम्हों की तस्वीरें साझा कीं। इसके साथ ही, उन्होंने अपने भावनात्मक शब्दों में बताया कि खुशी के पल बहुत तेजी से बीत जाते हैं और इस बात का आभास भी नहीं होता।
उन्होंने लिखा, "खुशहाल लम्हे तेजी से गुज़र जाते हैं, और उनके जाने का पता नहीं चलता। ऐसा लगता है जैसे यह सब कल की बात थी। कब मेरे और प्रिय रेणुका जी के विवाह के 25 वर्ष पूरे हो गए, पता ही नहीं चला।"
रेणुका शहाणे की सराहना करते हुए उन्होंने कहा, "आदरणीय रेणुका जी के साथ बिताए 25 वर्षों के अनुभव से मैं यह कह सकता हूं कि विवाह का असली मकसद एक-दूसरे के व्यक्तित्व को शुद्ध करना और बढ़ाना है। सुखद वैवाहिक जीवन के लिए पति-पत्नी का एक-दूसरे के प्रति केवल प्यार ही नहीं, बल्कि मुठ्ठीभर सम्मान भी जरूरी है। विवाह एक ऐसे पवित्र बंधन की तरह है, जो दोनों को यह समझाने में मदद करता है कि आधी दुनिया आपकी और आधी दुनिया उनकी है। अगर जुझारू रहना सीखें, तो पूरी दुनिया आपकी हो जाएगी।"
उन्होंने आगे लिखा, "जहां दो नदियां मिलती हैं, वहां का स्थान पवित्र माना जाता है। इसी तरह, परिवारिक जीवन में गृहस्थाश्रम भी एक तीर्थ की तरह है, क्योंकि विवाह के बाद दो चेतनाएं अग्नि को साक्षी मानकर हमेशा के लिए एक हो जाती हैं, और उनका द्वैत समाप्त हो जाता है।"
अपने विचार को समाप्त करते हुए उन्होंने कहा, "परमपूज्य गुरुदेव भगवान दद्दाजी की कृपा, माता-पिता, परिवार के आशीर्वाद और मित्रों की शुभकामनाएं ही हमारे जीवन का आधार हैं। मैं उस अदृश्य शक्ति के प्रति आभार व्यक्त करता हूं जिसने मुझे और प्रिय रेणुका जी को अपनी यात्रा में एक-दूसरे का सहारा बनने का मौका दिया।"