तिरुवनंतपुरम, 23 मई। केरल पुलिस ने प्रदेशवासियों को सुरक्षित और शांतिपूर्ण वातावरण प्रदान करने के लिए ठोस योजना बनाई है। इसके अंतर्गत राज्य में सबसे पहले नशीले पदार्थों की रोकथाम के लिए 'ऑपरेशन तूफान' अभियान शुरू किया गया है।
इस अभियान के तहत उन सभी स्थानों की पहचान की जाएगी, जहां नशे का व्यापार किया जा रहा है। इसके साथ ही, नशीले पदार्थों से जुड़े नेटवर्क को तोड़ने का भी प्रयास किया जाएगा। पुलिस एक विशेष टीम का गठन करेगी, जिसका मुख्य कार्य नशीले पदार्थों की आपूर्ति से संबंधित तंत्र को नष्ट करना होगा।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि इस मामले में किसी भी तरह की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जो भी इस प्रकार की गतिविधियों में संलग्न पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उसे किसी भी स्थिति में नहीं छोड़ा जाएगा।
इसी के साथ, पुलिस ने 'जनमैत्री पुलिसिंग' नामक एक नया अभियान शुरू करने का निर्णय लिया है। इसके अंतर्गत आम जनता के बीच यह संदेश फैलाया जाएगा कि पुलिस उनके मित्र हैं। इसलिए, लोगों को अपनी समस्याओं के लिए पुलिस से संपर्क करने में संकोच नहीं करना चाहिए। आम तौर पर लोग पुलिस के पास अपनी समस्याएं लेकर जाने से डरते हैं, जिसे देखते हुए इस पहल को उचित माना जा रहा है।
इसके अलावा, केरल पुलिस ने महिलाओं और बच्चों के खिलाफ अपराधों को रोकने के लिए भी एक ठोस योजना बनाई है, जिसे जल्द ही लागू करने का प्रयास किया जाएगा। पुलिस का कहना है कि महिलाओं और बच्चों के खिलाफ किसी भी प्रकार के अपराध को स्वीकार नहीं किया जाएगा। साथ ही, पुलिस की कार्यप्रणाली में सुधार करने के लिए एक प्रशिक्षण कार्यक्रम भी जल्द शुरू होगा, ताकि लंबित मामलों का त्वरित समाधान हो सके।
अब से, पुलिस स्टेशन में आने वाले हर व्यक्ति को 'गुड मार्निंग' कहकर अभिवादन किया जाएगा। यह निर्णय इसलिए लिया गया है ताकि लोगों में यह संदेश जाए कि पुलिस उनकी मित्र है और उनकी समस्याओं का ध्यान रखती है।