गुना/भोपाल, 23 मई। केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री तथा गुना के सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया ने 'पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान-गुना 2026' पर अपने संबोधन के बाद कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर एक गर्मजोशी भरे माहौल में भोजन किया। कार्यक्रम खत्म होने के बाद सिंधिया सीधे कार्यकर्ताओं के बीच गए, जहां उन्होंने खुद अपनी थाली लगाई और कई कार्यकर्ताओं को अपने हाथों से खाना परोसा।
इस दौरान का माहौल पूरी तरह से परिवारिक और स्नेह भरा नजर आया। केंद्रीय मंत्री काफी समय तक कार्यकर्ताओं के साथ बैठे रहे, उनसे खुलकर बातचीत की और संगठनात्मक परिवार की भावना को जीवंत किया। भोजन करने के बाद केंद्रीय मंत्री भोपाल के लिए निकल गए।
कार्यकर्ताओं ने सिंधिया की इस सादगी और गहरे जुड़ाव की प्रशंसा की। उपस्थित लोगों का कहना था कि यही भाजपा संगठन की असली ताकत है, जहां नेतृत्व और कार्यकर्ताओं के बीच औपचारिकता नहीं, बल्कि एक पारिवारिक रिश्ता होता है।
केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने कहा कि भाजपा सिर्फ एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि राष्ट्रसेवा के संकल्प का एक परिवार है, जिसकी असली ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं। उन्होंने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा कि भाजपा का हर कार्यकर्ता, राष्ट्र की प्रगति के संकल्प के लिए न तो रुकेगा और न ही झुकेगा।
उन्होंने अपने पोस्ट में यह भी कहा कि शिवपुरी में 'पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान' में कार्यकर्ताओं के साथ बातचीत करते हुए विकसित भारत 2047 के संकल्प, अंत्योदय की भावना और संगठन की वैचारिक शक्ति पर विस्तार से चर्चा की।
सभी कार्यकर्ताओं से अपील की कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वे भाजपा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम पंक्ति में खड़े हर पात्र व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध रहें।