कार्तिक सुब्बाराज की नई फिल्म में इलैयाराजा का संगीत, खास बीजीएम एल्बम रिलीज से पहले आएगा

कार्तिक सुब्बाराज की नई फिल्म में इलैयाराजा का संगीत, खास बीजीएम एल्बम रिलीज से पहले आएगा

जब भी भारतीय सिनेमा में नामचीन संगीतकार इलैयाराजा का नाम सामने आता है, दर्शकों की अपेक्षाएं अपने आप बढ़ जाती हैं। ऐसे में निर्देशक कार्तिक सुब्बाराज की नई फिल्म को लेकर भी दर्शकों में विशेष उत्साह देखा जा रहा है। इस फिल्म की एक अनोखी बात यह है कि इसका बैकग्राउंड म्यूजिक (बीजीएम) एल्बम रिलीज से पहले एक विशेष रूप में पेश किया जाएगा। कार्तिक सुब्बाराज ने सोशल मीडिया पर एक विस्तृत पोस्ट शेयर किया, जिसमें उन्होंने फिल्म और इसके संगीत के बारे में कई महत्वपूर्ण बातें साझा कीं। उन्होंने बताया, ''यह मेरी दसवीं फिल्म है। यह कहानी मेरे दिल के बेहद करीब है। मैं फिल्म 'महान' के बाद से इसी कहानी पर काम करना चाहता था, लेकिन हर कहानी का अपना समय होता है। कुछ कहानियां खुद यह तय करती हैं कि उन्हें कब और कैसे पेश किया जाना चाहिए। अब जाकर यह फिल्म सही समय और सही लोगों के साथ बन पाई है।''

निर्देशक ने अपनी टीम की प्रशंसा भी की। उन्होंने कहा, ''निर्माता गुनीत मोंगा और अचिन जैन ने पहले ही बैठक में मेरी विचारधारा और दृष्टिकोण को समझा था। अब यह फिल्म केवल मेरा सपना नहीं, बल्कि पूरी टीम का सपना है।''

उन्होंने जियो स्टूडियोज और सिख्या एंटरटेनमेंट का भी आभार व्यक्त किया और कहा कि सभी ने मिलकर इस प्रोजेक्ट को विशेष बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।

कार्तिक ने आगे कहा, ''मेरे लिए इस फिल्म की सबसे बड़ी खुशी यह है कि महान संगीतकार इलैयाराजा ने इसका संगीत तैयार किया है। मैं हमेशा से इलैयाराजा के संगीत का प्रशंसक रहा हूं। मेरी जिंदगी के हर महत्वपूर्ण पल से इलैयाराजा का कोई न कोई गाना जुड़ा हुआ है। चाहे खुशी का समय हो, दुख का क्षण हो, प्यार, क्रोध, प्रेरणा या कोई अन्य भावना, हर अनुभव के साथ मेरा संगीत की याद जुड़ी हुई है। इलैयाराजा मेरे लिए जीवन जीने का एक तरीका हैं।''

उन्होंने कहा, "मेरा हमेशा से सपना था कि मैं इलैयाराजा के साथ काम करूं, लेकिन पहले कभी हिम्मत नहीं जुटा पाया। जब फिल्म का पहला कट तैयार हुआ, तो मैंने सोचा कि यह कहानी इलैयाराजा को जरूर पसंद आएगी। जब मैंने उन्हें फिल्म दिखाई, तो मेरी आशा सच साबित हुई। फिल्म देखने के बाद, उन्होंने तुरंत काम शुरू करने पर सहमति दी।"

कार्तिक ने बताया, ''इलैयाराजा ने शनिवार शाम को फिल्म देखी और अगले ही दिन से संगीत पर कार्य प्रारंभ करने की बात कही। इसके बाद के 25 दिनों का अनुभव मेरे लिए बेहद खास बन गया। एक महान कलाकार को अपने सामने संगीत बनाते देखना एक सपने का सच होना जैसा था।''

उन्होंने यह भी बताया कि इलैयाराजा ने खुद सुझाव दिया कि फिल्म के गानों के अलावा इसका बैकग्राउंड स्कोर भी एक अलग एल्बम के रूप में रिलीज किया जाना चाहिए, ताकि दर्शक पहले ही उस संगीत की भावना को समझ सकें।