कांग्रेस 59 वर्ष बाद तमिलनाडु कैबिनेट में शामिल होने जा रही है: केसी वेणुगोपाल

कांग्रेस 59 वर्ष बाद तमिलनाडु कैबिनेट में शामिल होने जा रही है: केसी वेणुगोपाल

नई दिल्ली, 20 मई। कांग्रेस के महासचिव (संगठन) केसी वेणुगोपाल ने जानकारी दी कि पार्टी के दो विधायक अब तमिलनाडु के मंत्रिमंडल में शामिल होंगे। उन्होंने यह भी कहा कि 59 साल के लम्बे समय के बाद कांग्रेस का कैबिनेट में आना एक बड़ी खुशी की बात है। केसी वेणुगोपाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर अपनी पोस्ट में बताया कि कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने विधायकों एडवोकेट राजेश कुमार और थिरु पी. विश्वनाथन को मंत्री बनाने की स्वीकृति दी है, और वे गुरुवार को शपथ लेंगे।

उन्होंने कहा कि यह एक ऐतिहासिक पल है, क्योंकि इतने लम्बे समय के बाद कांग्रेस तमिलनाडु कैबिनेट में शामिल हो रही है। मैं उनके सफल कार्यकाल की कामना करता हूं। हमें यकीन है कि वे तमिलनाडु की जनता की उम्मीदों पर खरे उतरेंगे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी द्वारा निर्धारित जनहित के शासन के उद्देश्यों को पूरा करने के लिए काम करेंगे।

तमिलनाडु विधानसभा में कुल 234 सदस्य हैं। भारत के संविधान के अनुच्छेद 164(1ए) के अनुसार, किसी राज्य के मंत्रियों की संख्या (मुख्यमंत्री समेत) विधानसभा के सदस्यों के कुल संख्या का 15 प्रतिशत से ज्यादा नहीं हो सकती। इस आधार पर, वहां अधिकतम 35 मंत्री हो सकते हैं।

वर्तमान में, मुख्यमंत्री विजय और नौ अन्य मंत्रियों ने शपथ ग्रहण किया है। ऐसे में, कैबिनेट में और 25 सदस्यों की नियुक्ति की गुंजाइश है। राजनीतिक चर्चाओं में गठबंधन सहयोगियों और अन्य दलों को अधिक प्रतिनिधित्व देने पर वार्ता चल रही है।

हाल ही में तमिलनाडु विधानसभा में हुए फ्लोर टेस्ट में विजय सरकार सफल हुई है। मुख्यमंत्री विजय ने विश्वास प्रस्ताव रखा था, जिसमें उन्हें 144 विधायकों का समर्थन मिला, वहीं विरोध में केवल 22 वोट पड़े।

तमिलनाडु की टीवीके सरकार को कांग्रेस सहित अन्य पार्टियों का समर्थन प्राप्त है। राज्य विधानसभा चुनाव में टीवीके सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी, लेकिन स्पष्ट बहुमत न मिलने के कारण उन्हें अन्य राजनीतिक दलों का सहयोग लेना पड़ा।