कैलाश मानसरोवर यात्रा के यात्रियों ने अपनी खुशी व्यक्त की, खुद को भाग्यशाली माना

कैलाश मानसरोवर यात्रा के यात्रियों ने अपनी खुशी व्यक्त की, खुद को भाग्यशाली माना

नई दिल्ली, 21 मई। कैलाश मानसरोवर यात्रा के लिए चुने गए यात्रियों ने अपनी प्रसन्नता व्यक्त की है। उनका कहना है कि भगवान शिव ने उन्हें अपने निवास की ओर बुलाया है। इस अवसर को उन्होंने अपने जीवन का एक महत्वपूर्ण क्षण बताया है।

लखनऊ के आशीष खन्ना, जो वर्तमान में नोएडा में रह रहे हैं, ने मीडिया से बातचीत में कहा कि उनके और उनकी पत्नी के नाम भी लकी ड्रॉ में आए हैं। उन्होंने कहा, “मैं खुद को बहुत सौभाग्यशाली महसूस कर रहा हूं। लगभग सौ लोगों में से महादेव ने हमें चुना है। हम यह अवसर पाकर बेहद खुश हैं।”

आशीष की पत्नी बागिशाली ने भी अपनी खुशी जाहिर करते हुए कहा कि वे दोनों इस यात्रा का लंबे समय से इंतजार कर रहे थे। उन्होंने कहा, “हर हर महादेव। महादेव ने हमें बुलाया है। हम काफी समय से इस अवसर के लिए प्रयास कर रहे थे।”

दिल्ली निवासी अमित वर्मा ने जानकारी दी कि वे वेटिंग लिस्ट में थे। उन्होंने कहा कि भारत सरकार के नियम के अनुसार, जो यात्री पहले इस यात्रा का अनुभव कर चुके हैं, उन्हें सीधे तौर पर कन्फर्म नहीं किया जाता। यदि कोई स्थान खाली होता है, तो वेटिंग लिस्ट के यात्रियों को अवसर दिया जाता है। अमित ने सरकार की प्रशंसा करते हुए कहा, “सरकार यात्रा को बहुत सुंदरता और व्यवस्थित तरीके से आयोजित करती है। हमें उम्मीद है कि वेटिंग लिस्ट में शामिल यात्रियों को भी जल्द मौका मिलेगा। ओम नमः शिवाय।”

भूषण शर्मा ने भगवान शिव को विशेष धन्यवाद दिया और कहा कि उन्होंने उन्हें एक बार फिर अपने धाम में आमंत्रित किया है। उन्होंने विदेश मंत्रालय और विदेश मंत्री का भी आभार व्यक्त किया। भूषण ने कहा, “विदेश मंत्रालय ने हमें प्रेम और सम्मान के साथ स्वागत किया। मैं प्रियंशु जी और सचिन कौशिक जी को भी धन्यवाद देना चाहता हूं, जिन्होंने इस पूरी प्रक्रिया को श्रद्धा और प्रेम से संचालित किया। उन्होंने हमें कैलाश मानसरोवर जाने का एक और अवसर प्रदान किया है।”

भूषण शर्मा ने मीडिया का भी आभार मानते हुए कहा कि प्रेस ने इस कार्यक्रम को सफल और भव्य बना दिया।

सभी चुने हुए यात्रियों ने इस यात्रा को अपने जीवन का एक अनमोल और पवित्र अनुभव बताया। उन्होंने भगवान शिव की कृपा और सरकार के प्रयासों की सराहना की। कैलाश मानसरोवर यात्रा आध्यात्मिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है और हर साल हजारों श्रद्धालु इसमें भाग लेने के लिए उत्सुक रहते हैं।