पूर्व भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी ज्वाला गुट्टा का मानना है कि यदि उन्हें अपने करियर के दौरान लगातार समर्थन मिलता और विवादों से दूर रखा जाता, तो वे अधिक ऊंचाइयों तक पहुँच सकती थीं। एक विशेष इंटरव्यू में, गुट्टा ने बैडमिंटन एसोसिएशन ऑफ इंडिया के पूर्व अध्यक्ष वीके वर्मा और कोचों पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उनके करियर को तबाह करने की कई कोशिशें की गईं।
कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 में गोल्ड मेडल जीतने वाली गुट्टा ने कहा कि उच्च स्तर पर प्रतिस्पर्धा करते हुए उन्हें सिस्टम से लड़ने की मानसिक और पेशेवर थकावट का सामना करना पड़ा।
गुट्टा ने कहा, "वीके वर्मा ने मेरे करियर को समाप्त करने का हर संभव प्रयास किया।" उन्होंने 2010 में हुई कॉमनवेल्थ गेम्स की याद करते हुए बताया कि वह और अश्विनी पोनप्पा गोल्ड मेडल जीतने वाली पहली महिला एथलीट थीं, लेकिन उन्हें उस जश्न में भेदभाव का सामना करना पड़ा।
उन्होंने कहा, "अश्विनी और मैंने गोल्ड जीता, जबकि साइना नेहवाल ने दो घंटे बाद सिंगल्स में जीत हासिल की। तकनीकी रूप से, हम पहले गोल्ड विजेता थीं।"
गुट्टा ने अपनी निराशा सार्वजनिक रूप से व्यक्त की थी और आरोप लगाया कि उस समय वर्मा ने साइना की जीत का जोर-शोर से जश्न मनाया, जबकि उनकी और अश्विनी की जीत को नजरअंदाज किया गया।
गुट्टा ने कहा, "जब साइना जीतीं, तो वीके वर्मा कोर्ट पर दौड़कर आए और उनका जश्न मनाया। हमारी जीत का कोई महत्व क्यों नहीं था? मैंने उस दिन कहा था, 'वीके वर्मा इस बात से खुश नहीं हैं कि मैं जीती।'"
उन्होंने यह भी बताया कि वर्मा ने बिना किसी कारण के उन्हें भारतीय टीम से बाहर किया, जबकि वह बैडमिंटन में योगदान देने में सक्षम थीं। इसके बाद रियो ओलंपिक्स के बाद उन्हें फिर से बाहर कर दिया गया, जिससे उन्हें सिस्टम के खिलाफ लड़ाई छोड़ने पर मजबूर होना पड़ा।
गुट्टा ने कहा, "उन्होंने 2006 में मुझे टीम से बाहर किया और कोई कारण नहीं बताया। यह सब रिकॉर्ड पर है। रियो ओलंपिक्स के बाद, उन्हें ने फिर से बाहर कर दिया। उसके बाद मैंने सोचा, लड़ाई का क्या फायदा?"
फिर भी, गुट्टा ने यह कहा कि वह युवा डबल्स खिलाड़ियों की सहायता करके अपना योगदान देना चाहती थीं। उन्होंने कहा, "मैंने कहा था कि अगर मैं टीम में रहूँगी, तो जूनियर खिलाड़ी मेरे साथ खेलकर बेहतर बनेंगे। आप मुझे बाहर क्यों कर रहे हैं?"
गुट्टा ने कहा कि कोई भी खिलाड़ी विवादों में नहीं पड़ना चाहता, लेकिन उन्हें अपने करियर की रक्षा के लिए लड़ाई लड़नी पड़ी। उन्होंने कहा, "कौन सा खिलाड़ी विवाद चाहता है? मुझे अपने अधिकारों के लिए संघर्ष करना पड़ा। अगर मैं ऐसा नहीं करती, तो मेरा करियर पहले ही खत्म हो गया होता।"
गुट्टा ने ओलंपिक चैंपियन नीरज चोपड़ा का उदाहरण देते हुए बताया कि विश्व चैंपियन बनाने में निरंतर निवेश और व्यक्तिगत सहयोग कितना महत्वपूर्ण है।
उन्होंने कहा, "नीरज चोपड़ा पर कितना खर्च किया गया है? हमें इस पर ध्यान देना चाहिए। विश्व चैंपियन बनने के लिए एक खिलाड़ी को कितना खास ध्यान मिलना चाहिए? नीरज का उदाहरण इस बात को स्पष्ट करता है।"
इसके अलावा, गुट्टा ने अपनी सफलता की यात्रा पर चर्चा करते हुए कहा कि वह बिना किसी आर्थिक मदद के दुनिया की नंबर-5 खिलाड़ी बनीं। उन्होंने कहा, "बिना किसी सहयोग और स्पॉन्सर के, मैं दुनिया की नंबर-5 खिलाड़ी बनी। अगर मुझे समर्थन मिला होता, तो मैं टॉप पर होती।"
गुट्टा ने कहा कि इतनी निराशाओं के बावजूद वह भारतीय खेलों में सार्थक योगदान देना चाहती हैं, लेकिन माना कि आजकल राजनीतिक प्रभाव से यह तय होता है कि किसकी बात पर ध्यान दिया जाएगा। उन्होंने कहा, "इसलिए, राजनीति में जाना जरूरी है। अब अपनी बात रखने का सबसे सहज तरीका राजनीति है, तब कोई भी आपको बागी नहीं कहेगा।"