मुंबई, 20 मई। डोमिनोज पिज्जा चेन संचालित करने वाली जुबिलेंट फूडवर्क्स लिमिटेड ने बुधवार को जानकारी दी कि वित्त वर्ष 2025-26 की चौथी तिमाही में उसका शुद्ध लाभ 13.9 प्रतिशत घटकर 42.6 करोड़ रुपए रह गया। हालांकि, इसी दौरान कंपनी की आय में 6.4 प्रतिशत की वृद्धि होकर यह 1,679.7 करोड़ रुपए तक पहुँच गई।
कंपनी ने स्टॉक एक्सचेंज में अपनी फाइलिंग में बताया कि ब्याज, कर, मूल्यह्रास और परिशोधन से पूर्व की कमाई (ईबीआईटीडीए) 11.5 प्रतिशत बढ़कर 345 करोड़ रुपए हो गई है। इसके अलावा, ईबीआईटीडीए मार्जिन पिछले वर्ष के 19.6 प्रतिशत से बढ़कर 20.5 प्रतिशत पर पहुँच गया।
इसके साथ ही, कंपनी ने शेयरधारकों के लिए प्रति शेयर 1.2 रुपए का डिविडेंड देने की घोषणा की है।
डोमिनोज इंडिया की पिज्जा रिटेल फ्रेंचाइजी ने सालाना आधार पर 10.4 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की है।
एक्सचेंज में फाइलिंग के दौरान कंपनी ने कहा, "असाधारण मदों से पहले की शुद्ध लाभ (पीएटी) सालाना 2.8 प्रतिशत घटकर 53.7 करोड़ रुपए रहा और पीएटी मार्जिन 30 बेसिस पॉइंट घटकर 3.2 प्रतिशत हो गया।"
डोमिनोज की आय में वर्ष दर वर्ष 5 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है, जबकि डिलीवरी राजस्व 10.3 प्रतिशत की वृद्धि दर्शाता है, और कुल ऑर्डर वॉल्यूम में 10.4 प्रतिशत की सालाना वृद्धि देखी गई है।
कंपनी ने कहा कि तिमाही के दौरान सभी ब्रांड्स के तहत कुल 61 नए स्टोर्स खोले गए, जिससे भारत में कुल स्टोर्स की संख्या बढ़कर 2,562 हो गई।
शेयरधारकों को लिखे गए पत्र में कंपनी ने बताया कि ग्राहकों के लिए किफायती विकल्पों के तहत फ्री डिलीवरी की न्यूनतम सीमा घटाकर 99 रुपए करने, कैशबैक ऑफर और कुछ क्षेत्रों में पैकेजिंग शुल्क समाप्त करने के कारण औसत बिल वैल्यू में कमी आई।
कंपनी की फ्राइड चिकन फास्ट फूड चेन 'पोपाइज' ने समान स्टोर बिक्री के आधार पर सालाना 28 प्रतिशत की वृद्धि की।
कंपनी का कहना है कि उपभोक्ता मांग में कमी के बावजूद, डोमिनोज इंडिया ने पिछले दो सालों में 5-7 प्रतिशत की मध्यम अवधि की वृद्धि दर पर प्रदर्शन किया है।
कंपनी के अनुसार, वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही के पहले छह हफ्तों में डिलीवरी ऑर्डर की मांग मजबूत बनी हुई है और औसत बिल वैल्यू में स्थिरता के संकेत दिख रहे हैं।
कंपनी ने यह भी जानकारी दी कि भविष्य में पूंजी निवेश का बड़ा हिस्सा विकास और तकनीक में लगाए जाने की योजना है। इसके साथ ही, 'पोपाइज' स्टोर्स की संख्या बढ़ाने की योजना है, जिसमें सालाना लगभग 300 नए स्टोर्स को जोड़ा जाएगा।