झारखंड के हजारीबाग में पुलिस के अभियान से 77 अपराधी पकड़े गए

झारखंड के हजारीबाग में पुलिस के अभियान से 77 अपराधी पकड़े गए

हजारीबाग, 22 मई। झारखंड के हजारीबाग जिले में पुलिस ने अपराधियों और फरार वारंटियों के खिलाफ एक व्यापक छापेमारी अभियान चलाया, जिसमें 24 घंटे के भीतर 77 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। यह ऑपरेशन पुलिस अधीक्षक के आदेश पर पूरे जिले में सामूहिक रूप से किया गया। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों और वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए प्रत्येक अनुमंडल में विशेष टीमों का गठन किया गया था।

इस अभियान में सभी पुलिस उपाधीक्षकों और निरीक्षकों की देखरेख में 30 टीमों को तैनात किया गया। इन टीमों में लगभग 150 पुलिस कर्मियों ने भाग लिया। छापेमारी के दौरान पुलिस ने जिलेभर में करीब 100 संभावित ठिकानों पर एक साथ कार्रवाई की।

इस अभियान के तहत हत्या, मारपीट, चोरी, रंगदारी और अन्य गंभीर मामलों में फरार चल रहे अपराधियों को पकड़ा गया। गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों से पूछताछ की जा रही है और संबंधित मामलों में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

उन्हें न्यायालय में पेश करने और न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया चल रही है। पुलिस का मानना है कि अपराधियों की गिरफ्तारी से जिले में हुई कई आपराधिक वारदातों का खुलासा हो सकता है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह अभियान केवल एक दिन की कार्रवाई नहीं है, बल्कि आगे भी जिले में अपराध नियंत्रण और फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान जारी रहेंगे।

हजारीबाग पुलिस ने नागरिकों से सहयोग की भी अपील की है। पुलिस का कहना है कि यदि किसी क्षेत्र में कोई अपराधी छिपा हुआ है या संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी मिले, तो इसकी सूचना तुरंत नजदीकी थाने को दें। सूचना देने वालों की पहचान गुप्त रखी जाएगी। इस महत्वपूर्ण कार्रवाई को जिले में अपराध नियंत्रण में एक सकारात्मक कदम माना जा रहा है।