गिरिडीह, 21 मई। झारखंड के गिरिडीह जिले में दो दिन से गायब 11वीं की छात्रा पायल कुमारी का शव बुधवार को उसरी नदी के किनारे मिला, जिससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा मामले की जांच शुरु कर दी है। मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के सिरसिया की निवासी पायल कुमारी सोमवार सुबह अपने घर से निकली थी। उनके परिवार के अनुसार, वह पढ़ाई के साथ सिलाई का प्रशिक्षण भी लेती थीं और बच्चों को ट्यूशन भी पढ़ाती थीं। उन्होंने अपने परिजनों को बताया था कि वह ट्यूशन और सिलाई सीखने जा रही हैं।
परिवार का कहना है कि वह रोजाना दोपहर तक घर लौट आती थीं, लेकिन सोमवार को देर होने पर परिवार ने उन्हें फोन किया। उनके अनुसार, दोपहर में पायल ने फोन पर बताया कि वह ब्लॉक से निकल रही हैं और जल्द ही घर पहुंचेंगी। लेकिन इसके बाद, जब परिवार ने दोबारा संपर्क करने की कोशिश की, तो उनका फोन बंद हो गया। इसके बाद परिवार ने खुद उसे खोजने का प्रयास किया, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली।
बाद में परिवार ने पुलिस को मामले की जानकारी दी। पुलिस ने छात्रा के मोबाइल कॉल रिकॉर्ड की जांच शुरू की और उनकी सहेलियों तथा जानकारों से भी पूछताछ की। इसी बीच, बुधवार सुबह बरगंडा पुराने पुल के निकट उसरी नदी के किनारे एक युवती का शव मिलने की सूचना मिली। पुलिस मौके पर पहुंची और शव की पहचान पायल कुमारी के रूप में की गई।
शव मिलने की खबर सुनते ही घटनास्थल पर बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा हो गए। मृतका के परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतका के चचेरे भाई पिंटू कुमार दास ने निष्पक्ष जांच की मांग की है और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की अपील की है। घटना की सूचना मिलने पर सदर एसडीपीओ जीतबाहन उरांव और पुलिस अधिकारी विवेक माधुरी घटनास्थल पर पहुंचे और वहां का जायजा लिया। एसडीपीओ ने बताया कि छात्रा के लापता होने की रिपोर्ट पहले ही दर्ज की जा चुकी थी और अब उसका शव बरामद हुआ है। उन्होंने कहा कि पुलिस पूरी जांच कर रही है।