झारखंड: गिरिडीह में छात्रा की संदिग्ध मौत पर मचा बवाल, मंत्री ने परिजनों से की मुलाकात

झारखंड: गिरिडीह में छात्रा की संदिग्ध मौत पर मचा बवाल, मंत्री ने परिजनों से की मुलाकात

गिरिडीह, 24 मई। झारखंड के गिरिडीह जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के सिरसिया गांव में 11वीं कक्षा की छात्रा पायल कुमारी की संदिग्ध परिस्थतियों में हुई मौत का मामला अब काफी चर्चा में है। राज्य सरकार ने इसे गंभीरता से लिया है। रविवार को झारखंड के मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू सिरसिया गांव पहुंचे और पीड़ित परिवार से मिलकर न्याय दिलाने का आश्वासन दिया। इस अवसर पर महापौर प्रमिला मेहरा भी उनके साथ थीं।

मंत्री ने परिवार से मिलकर शोक प्रकट किया और कहा कि इस तरह की घटनाएं बेहद दुःखद हैं और समाज के लिए चिंता का विषय हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि मामले में शामिल किसी भी दोषी को नहीं बख्शा जाएगा और पुलिस प्रशासन को निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच करने के लिए निर्देश दिए गए हैं।

पायल कुमारी 19 मई को अपने घर से ट्यूशन और सिलाई प्रशिक्षण के लिए गई थी, लेकिन वह वापस नहीं लौटी। उसके परिवार ने उसकी खोजबीन की और फिर पुलिस को सूचना दी। पुलिस मोबाइल कॉल डिटेल और अन्य पहलुओं की जांच कर ही रही थी कि 21 मई को बरगंडा पुराने पुल के पास उसरी नदी के किनारे उसका शव मिला। शव मिलने से इलाके में तनाव फैल गया। स्थानीय लोग इसे हत्या का मामला मान रहे हैं।

रविवार को जब मंत्री गांव पहुंचे, तो वहां बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और ग्रामीण उपस्थित थे। उन्होंने मामले की तेज सुनवाई की मांग करते हुए आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की अपील की। महापौर प्रमिला मेहरा ने भी परिवार को सांत्वना दी और कहा कि पूरा शहर इस दुःख में उनके साथ है।

इस बीच, पुलिस भी मामले की गहरी जांच में लगी हुई है। कई संदिग्धों से पूछताछ की गई, लेकिन अब तक किसी की गिरफ्तारी की पुष्टि नहीं की गई है। पुलिस सभी पहलुओं पर गौर कर रही है।

इस घटना के बाद पूरे गिरिडीह जिले में नाराजगी और चिंता का माहौल है। परिवार के लोग इसे हत्या का मामला मानते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गुहार लगा रहे हैं।