चतरा/रामगढ़, 21 मई। झारखंड पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में चतरा और रामगढ़ जिलों में महत्वपूर्ण कार्रवाई की है। चतरा में पुलिस ने लगभग 324 किलो अवैध अफीम डोडा जब्त किया है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 50 लाख रुपये है। वहीं, रामगढ़ जिले के पतरातू क्षेत्र में ब्राउन शुगर और हेरोइन के साथ तीन व्यक्तियों को पकड़ा गया है। चतरा जिले में यह कार्रवाई चतरा-सिमरिया मुख्य मार्ग पर वाहन जांच के दौरान की गई। पुलिस अधीक्षक अनिमेष नैथानी ने बताया कि रात के समय सूचना मिली थी कि लावालौंग थाना क्षेत्र के देल्हो से दो कारों के माध्यम से अफीम डोडा की तस्करी की जा रही है।
जानकारी के आधार पर विशेष छापामारी दल का गठन किया गया, जिसकी अगुवाई अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सिमरिया नागर गोजे शुभम भाऊ साहेब ने की। जांच के दौरान पुलिस ने एक अर्टिगा और एक होंडा अमेज कार को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक अंधेरे का लाभ उठाकर भागने में सफल रहे।
तलाशी के दौरान अर्टिगा से 169 किलो और होंडा अमेज से 155 किलो अफीम डोडा प्राप्त हुआ। पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर सिमरिया थाना में मामला दर्ज कर लिया है। अब पुलिस फरार तस्करों की खोज में जुटी है। दूसरी ओर, रामगढ़ जिले के पतरातू में एंटी क्राइम चेकिंग के दौरान पुलिस ने मोटरसाइकिल पर सवार दो युवकों को रोका। उनकी जांच करने पर एक युवक के पास से 9.57 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुई।
पूछताछ के दौरान दोनों ने बासल थाना क्षेत्र के अर्जुन कुमार महतो का नाम लिया, जिसके बाद पुलिस ने उसे भी गिरफ्तार कर लिया। एसडीपीओ राघवेंद्र शर्मा ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के पास से लगभग 10 ग्राम हेरोइन, एक मोटरसाइकिल, दो मोबाइल फोन और नकदी भी बरामद की गई है। तीनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया है।