झारखंड: 20 जून से मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण, बीएलओ करेंगे घर-घर जाकर सत्यापन

झारखंड: 20 जून से मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण, बीएलओ करेंगे घर-घर जाकर सत्यापन

रांची, 21 मई। झारखंड राज्य में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण की प्रक्रिया 20 जून से प्रारंभ होगी। मुख्य निर्वाचन अधिकारी रवि कुमार ने यह जानकारी देते हुए बताया कि इस मुहिम का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि सभी योग्य भारतीय नागरिक मतदाता सूची से बाहर न रहें। उन्होंने कहा कि इस प्रक्रिया के तहत बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) घर-घर जाकर मतदाताओं की जानकारी का सत्यापन करेंगे।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि 20 जून से 29 जून तक तैयारी, प्रशिक्षण और आवश्यक मुद्रण कार्य करने का कार्यक्रम रहेगा। इसके बाद 30 जून से 29 जुलाई तक बीएलओ घर-घर जाकर मतदाताओं को इन्यूमरेशन फॉर्म प्रदान करेंगे और जानकारी को सत्यापित करेंगे।

उन्होंने आगे कहा कि प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन 5 अगस्त को किया जाएगा। इसके पश्चात 5 अगस्त से 4 सितंबर तक दावे और आपत्तियाँ प्रस्तुत की जा सकेंगी। इन दावों और आपत्तियों का समाधान 3 अक्टूबर तक किया जाएगा, जबकि अंतिम मतदाता सूची 7 अक्टूबर को जारी की जाएगी। इस पुनरीक्षण प्रक्रिया के लिए अर्हता तिथि 1 अक्टूबर 2026 तय की गई है।

रवि कुमार ने कहा कि नए मतदाताओं के आवेदन, दावे और आपत्तियाँ भी बीएलओ घर-घर जाकर एकत्रित करेंगे। जिन व्यक्तियों से बीएलओ संपर्क नहीं कर पाएंगे, उनके लिए विशेष शिविरों का आयोजन किया जाएगा।

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि किसी भी मतदाता का नाम बिना सुनवाई के सूची से हटाया नहीं जाएगा और लोगों से भ्रामक सूचनाओं पर ध्यान न देने का अनुरोध किया। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि यह प्रक्रिया केवल भारतीय नागरिकों के लिए है, विदेशी नागरिकों को इसमें शामिल नहीं किया जाएगा।

उन्होंने सभी मतदाताओं, राजनीतिक दलों, बीएलए और मीडिया प्रतिनिधियों से इस अभियान में सक्रिय सहयोग की अपील की, ताकि राज्य की मतदाता सूची को अधिक साफ, समावेशी और त्रुटिरहित बनाया जा सके।