तिरुवनंतपुरम, 21 मई। कांग्रेस सांसद जेबी मैथर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के इटली की पीएम जॉर्जिया मेलोनी को 'मेलोडी टॉफी' देने पर तीखा हमला किया। उन्होंने बताया कि यह केवल किसी विदेश यात्रा का मुद्दा नहीं है, बल्कि आम जनता के प्रति दृष्टिकोण का भी सवाल है। मैथर ने एक इंटरव्यू में कहा, "यह सिर्फ यात्रा की बात नहीं है, बल्कि यह लोगों और नागरिकों के प्रति सोच का मामला है। वे कहते हैं कि सबको 'वर्क फ्रॉम होम' करना चाहिए, संसाधनों का उपयोग और यात्रा कम करना चाहिए। जबकि प्रधानमंत्री खुद यात्रा कर रहे हैं और यह दिखाने की कोशिश कर रहे हैं कि भारत में सब ठीक है, जबकि हकीकत कुछ और है।
केरल में नई सरकार के गठन पर सवाल पूछने पर उन्होंने खुशी व्यक्त की। उन्होंने यह भी बताया कि यह बहुत ही गर्व का क्षण है और उनकी पूरी टीम राज्य के विकास और कल्याण के लिए तत्पर है। उन्होंने कहा कि अब समय है कि कार्य करके दिखाया जाए और यूडीएफ इस दिशा में पूरे आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ेगा। मैथर ने यह आश्वासन भी दिया कि राज्य की जनता नई सरकार की गतिविधियों से संतुष्ट रहेगी।
गौरतलब है कि केरल में राजनीतिक उठापटक के बाद बुधवार को मुख्यमंत्री वीडी सतीशन के नेतृत्व में 21 सदस्यीय यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (यूडीएफ) सरकार के विभागों का बंटवारा पूरा हो गया है। यह राज्य में एक नए राजनीतिक अध्याय की शुरुआत का संकेत है। कैबिनेट के 14 सदस्यों में से, जिनमें सतीशन भी शामिल हैं, कई पहले बार मंत्री बने हैं, जिसमें छह नेता पहली बार विधायक चुने गए हैं। इसे यूडीएफ की नई और युवा नेतृत्व छवि के रूप में देखा जा रहा है। कैबिनेट में दो महिला मंत्रियों का भी समावेश किया गया है।