नई दिल्ली, 25 मई। जापान के विदेश मंत्री तोशिमित्सु मोतेगी सोमवार को दो दिन के दौरे पर भारत आ रहे हैं। क्वाड के अलावा, वे भारत और जापान के द्विपक्षीय संबंधों को सुदृढ़ करने के लिए एक मीटिंग में भी शामिल होंगे। मोतेगी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में क्वाड बैठक के प्रति अपने उत्साह का इज़हार किया और अच्छे परिणामों की उम्मीद जताई।
विदेश मंत्रालय द्वारा साझा किए गए कार्यक्रम के अनुसार, मोतेगी 25-26 मई 2026 को आधिकारिक यात्रा पर भारत में रहेंगे। वे सोमवार शाम लगभग 4:30 बजे नई दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे के टर्मिनल-3 पर पहुँचेंगे।
इसके बाद, शाम 7 बजे उनकी मुलाकात भारत के विदेश मंत्री एस. जयशंकर से हैदराबाद हाउस में होगी। इस बैठक में दोनों देशों के बीच रणनीतिक साझेदारी, आर्थिक सहयोग, क्षेत्रीय सुरक्षा, और इंडो-पैसिफिक से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है।
दौरे के दूसरे दिन, यानि 26 मई को सुबह लगभग 8:45 बजे क्वाड देशों के विदेश मंत्रियों का फैमिली फोटो सेशन होगा, जिसमें मोतेगी भी शामिल होंगे। इसके बाद सुबह 9 बजे क्वाड विदेश मंत्रियों की बैठक प्रारंभ होगी, जिसमें भारत, जापान, अमेरिका और ऑस्ट्रेलिया के बीच इंडो-पैसिफिक क्षेत्र में सहयोग, समुद्री सुरक्षा, सप्लाई चेन और क्षेत्रीय स्थिरता पर बातचीत की जाएगी।
बैठक के बाद सुबह 9:50 बजे संयुक्त प्रेस बयान जारी किया जाएगा। जापान के विदेश मंत्री, इसी दौरे के दौरान शाम लगभग 4:15 बजे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से उनके कार्यालय में मुलाकात करेंगे। इसमें रक्षा, व्यापार, निवेश और तकनीकी सहयोग जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर बातचीत की संभावना है।
अपने सभी कार्यक्रमों के अंत में, मोतेगी शाम 6 बजे भारत छोड़ देंगे। भारत दौरे को लेकर वे काफी उत्सुक हैं और इस संबंध में उन्होंने एक्स पर जानकारी साझा की। उन्होंने लिखा, "सोमवार से मैं दिल्ली की यात्रा पर रहूंगा, जहां मैं जापान, अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया और भारत के विदेश मंत्रियों की बैठक में भाग लूंगा।"
उन्होंने आगे कहा कि क्वाड एक ऐसा मंच है, जहाँ ये चारों देश, साझा मूल्यों के आधार पर, “मुक्त और खुला इंडो-पैसिफिक” (एफओआईपी) के लक्ष्यों को हासिल करने के लिए व्यावहारिक सहयोग को बढ़ावा देते हैं।
क्वाड की पहली बैठक को याद करते हुए उन्होंने बताया, "वास्तव में, पहली क्वाड विदेश मंत्रियों की बैठक सितंबर 2019 में हुई थी, जिसमें मैंने भी विदेश मंत्री के रूप में भाग लिया था। टेलीफोन वार्ताओं सहित यह मेरी चौथी भागीदारी होगी और लगभग पांच वर्षों बाद मैं फिर से इस बैठक में शामिल हो रहा हूं।"
मोतेगी ने यह भी उम्मीद जताई कि विदेश मंत्रियों की बैठक में, वैश्विक स्थिति में हो रहे संरचनात्मक परिवर्तनों के बीच, चारों देश के विदेश मंत्री एक सुसंगत रणनीति और दृष्टिकोण प्रस्तुत करेंगे ताकि उनकी सोच में सामंजस्य स्थापित किया जा सके।