जनता ने विपक्ष की भ्रमकारी राजनीति को अस्वीकार किया, मोदी सरकार ने देश को वैश्विक शक्ति बनाया: पंकज चौधरी

जनता ने विपक्ष की भ्रमकारी राजनीति को अस्वीकार किया, मोदी सरकार ने देश को वैश्विक शक्ति बनाया: पंकज चौधरी

लखनऊ, 20 मई। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष और केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव के हालिया बयानों का जवाब देते हुए कहा कि देश की जनता अब विपक्ष की 'नकारात्मक, भ्रम फैलाने वाली और अवसरवादी राजनीति' को भलीभांति पहचान चुकी है। चौधरी ने यह भी कहा कि जिन दलों ने वर्षों तक संविधान, सामाजिक न्याय और अर्थव्यवस्था को परिवारवाद और वोटबैंक की राजनीति के लिए इस्तेमाल किया, वही आज जनता को गुमराह करने का असफल प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ता सम्मान कांग्रेस और सपा को स्वीकार नहीं हो रहा है।

चौधरी ने बताया कि भारत अब दुनिया की सबसे तेज़ी से बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं में से एक है, और कई बड़े राष्ट्र भारत के साथ रणनीतिक, आर्थिक और तकनीकी संबंध बढ़ाने के लिए उत्सुक हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री के विदेश यात्रा को देश के हितों, निवेश, रोजगार और वैश्विक प्रतिष्ठा को बढ़ावा देने वाला बताया। राहुल गांधी की इटली की प्रधानमंत्री मेलोनी के साथ प्रधानमंत्री मोदी की दोस्ती पर की गई टिप्पणी को उन्होंने 'अपरिपक्व और हताश मानसिकता' के रूप में देखा।

उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय कूटनीति में व्यक्तिगत विश्वास और मित्रता का भी महत्वपूर्ण स्थान होता है, लेकिन कांग्रेस हमेशा भारत की वैश्विक छवि को नुकसान पहुंचाने की राजनीति करती रही है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने राहुल गांधी द्वारा देश में आर्थिक संकट के बारे में उठाए गए सवाल को 'हास्यास्पद' करार दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के शासन में देश भ्रष्टाचार, घोटालों और नीति पक्षाघात का शिकार था, जबकि वर्तमान में मोदी सरकार के नेतृत्व में भारत चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने के रास्ते पर तेजी से बढ़ रहा है।

उन्होंने रिकॉर्ड विदेशी निवेश, एक्सप्रेस-वे, एयरपोर्ट, डिफेंस कॉरिडोर, डिजिटल इंडिया, स्टार्टअप इंडिया और मेक इन इंडिया जैसे अभियानों का जिक्र करते हुए बताया कि ये सभी कदम देश को आत्मनिर्भर बना रहे हैं। साथ ही लाखों लोगों को मुफ्त राशन, किसान सम्मान निधि, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत और प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ भी मिल रहा है।

पंकज चौधरी ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी लगातार लोकतांत्रिक संस्थाओं, संविधान और संवैधानिक पदों पर अनर्गल आरोप लगाकर लोकतंत्र को कमजोर करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि आपातकाल के दौरान संविधान की आत्मा को कुचलने वाली कांग्रेस आज संविधान की रक्षा का दावा कर रही है, जबकि भाजपा सरकार ने गरीबों, दलितों, पिछड़ों, आदिवासियों और महिलाओं के अधिकारों को मजबूत करने में कोई कसर नहीं छोड़ी है।

समाजवादी पार्टी की आलोचना करते हुए पंकज चौधरी ने कहा कि सपा को आरक्षण और सामाजिक न्याय पर बात करने का नैतिक अधिकार नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा के शासन में भर्ती प्रक्रियाओं में व्यापक भ्रष्टाचार, जातिवाद और परिवारवाद था, जिससे युवाओं का भविष्य प्रभावित हुआ। चौधरी ने कहा कि भाजपा ने पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया को लागू करके लाखों युवाओं को बिना भेदभाव सरकारी नौकरियां दिलाने का काम किया है।

उन्होंने आगे कहा कि भाजपा 'सबका साथ, सबका विकास' के सिद्धांत पर काम कर रही है और आरक्षण को संविधान द्वारा प्रदत्त अधिकार मानते हुए इसे पूरी ईमानदारी से लागू कर रही है। इधर, समाजवादी पार्टी पर उन्होंने आरोप लगाया कि पार्टी आरक्षण के नाम पर समाज को बांटने और भ्रम फैलाने की राजनीति कर रही है। 'लेटरल एंट्री' पर विपक्ष के आरोपों को खारिज करते हुए चौधरी ने कहा कि प्रशासनिक दक्षता और विशेषज्ञता बढ़ाने के लिए समय-समय पर सुधार जरूरी होते हैं, लेकिन विपक्ष हर सुधार का विरोध सिर्फ राजनीतिक लाभ के लिए करता है।

उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था दुरुस्त हो चुकी है और माफिया तथा अपराधियों पर सख्त कार्रवाई की जा रही है। गरीबों की जमीनों पर कब्जा करने वालों पर बुलडोजर चल रहा है, जिससे वर्षों तक अपराध और भ्रष्टाचार की राजनीति करने वाले तत्व परेशान हैं। पंकज चौधरी ने कहा कि राहुल गांधी और अखिलेश यादव दोनों ही जनता के असली मुद्दों से दूर हो चुके हैं। जबकि प्रधानमंत्री मोदी विकसित भारत के सपने को साकार करने में जुटे हैं, वहीं विपक्ष भ्रम, भय और झूठ की राजनीति में उलझा हुआ है।