जम्मू-कश्मीर: 'नशामुक्ति मुहिम' के तहत बारामूला पुलिस ने भांग की फसल को नष्ट किया

जम्मू-कश्मीर: 'नशामुक्ति मुहिम' के तहत बारामूला पुलिस ने भांग की फसल को नष्ट किया

बारामूला, 24 मई। जम्मू-कश्मीर में 'नशा मुक्ति मुहिम' चल रही है, जिसके अंतर्गत बारामूला पुलिस ने पालहालन के वन क्षेत्रों में जंगली भांग की खेती को नष्ट करने के लिए विशेष कार्रवाई की। इस दौरान पुलिस चौकी पालहालन ने स्थानीय नागरिक संगठनों के सहयोग से सदरबल पालहालन में लगभग एक कनाल सरकारी भूमि पर उगाई गई जंगली भांग को नष्ट किया। इन भांग के पौधों को मौके पर ही समाप्त कर दिया गया।

ज्ञात हो कि 'नशा मुक्ति मुहिम' के अंतर्गत जम्मू-कश्मीर पुलिस का अभियान लगातार जारी है। हाल ही में रियासी में एक महिला के पास से 58 ग्राम गांजा बरामद हुआ था। 19 मई को कटरा पुलिस स्टेशन की टीम ने नियमित जांच के दौरान वरुण चौक पर एक महिला को रोका, जिसके पास तलाशी के दौरान 58 ग्राम गांजा मिला। आरोपी महिला की पहचान अमृतसर की संजना के रूप में हुई, जो वर्तमान में रियासी के सरस्वती चौक में निवास कर रही है।

इसी तरह, गांदरबाल में पुलिस ने हाल ही में तीन नशा तस्करों को गिरफ्तार किया, जिनसे हेरोइन जैसे मादक पदार्थ भी बरामद हुए थे। दुमकदल चौक पर पुलिस द्वारा नियमित नाका चेकिंग की जा रही थी। इस दौरान गांदरबाल से बारसू की ओर जा रही एक स्कॉर्पियो गाड़ी को रोककर जांच की गई, जिसमें सवार व्यक्तियों की गतिविधियाँ संदिग्ध पाई गईं।

तलाशी के दौरान पुलिस ने वाहन के अंदर और आरोपियों के पास से हेरोइन बरामद किया, जिसके चलते तीनों आरोपियों को मौके पर गिरफ्तार कर लिया गया। बरामद मादक पदार्थ को कानूनी प्रक्रिया के तहत जब्त किया गया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जहांगीर अहमद जान उर्फ 'जाना' निवासी ट्रीसा सफापोरा, जुनैद जहूर भट निवासी वारिपोरा सफापोरा और जहांगीर अहमद भट निवासी बटपोरा सफापोरा के रूप में हुई है।