जैव विविधता का संरक्षण मानवता की सुरक्षा से जुड़ा : केशव प्रसाद मौर्य

जैव विविधता का संरक्षण मानवता की सुरक्षा से जुड़ा : केशव प्रसाद मौर्य

लखनऊ, 22 मई। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने विश्व जैव विविधता दिवस पर प्रदेशवासियों और प्रकृति प्रेमियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रकृति की विविधता जीवन की असली संपत्ति है। उन्होंने कहा कि जैव विविधता केवल पर्यावरण का मुद्दा नहीं है, बल्कि यह मानव जीवन, कृषि, जल, वन्य जीवों और भविष्य की पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य का आधार भी है। उपमुख्यमंत्री ने बताया कि पृथ्वी पर विभिन्न जीव-जंतु, पौधे, जल स्रोत और प्राकृतिक संसाधन पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। जैव विविधता की सुरक्षा से मानव जीवन भी सुरक्षित और स्वस्थ रहेगा।

उन्होंने कहा कि बढ़ते प्रदूषण, जलवायु परिवर्तन और प्राकृतिक संसाधनों की अंधाधुंध कटाई से जैव विविधता को गंभीर खतरा उत्पन्न हो रहा है, जो कि संपूर्ण विश्व के लिए चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण, वृक्षारोपण और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के लिए अनेक जनहितकारी अभियान चलाए जा रहे हैं। इसी दिशा में उत्तर प्रदेश सरकार भी पर्यावरण संरक्षण और हरित विकास को प्राथमिकता देते हुए बड़े पैमाने पर वृक्षारोपण, जल संरक्षण और स्वच्छता अभियानों को संचालित कर रही है।

उपमुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से अनुरोध किया कि वे प्रकृति संरक्षण को केवल सरकारी कार्यक्रम न समझें, बल्कि इसे एक सामाजिक और नैतिक जिम्मेदारी के रूप में अपनाएं। उन्होंने कहा कि यदि हर व्यक्ति एक पेड़ लगाने, जल संरक्षण करने और प्राकृतिक संसाधनों के प्रति जागरूक रहने का संकल्प ले, तो आने वाली पीढ़ियों के लिए एक स्वच्छ और सुरक्षित पर्यावरण सुनिश्चित किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि विश्व जैव विविधता दिवस का संदेश है कि प्रकृति और मानव जीवन एक-दूसरे के पूरक हैं। इसलिए जैव विविधता की रक्षा और पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में सभी को सक्रिय भूमिका निभानी होगी।