अमेरिका की पूर्व राष्ट्रपति परिवार से जुड़ी एक बड़ी सुरक्षा साजिश का खुलासा हुआ है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, Ivanka Trump की हत्या की योजना बनाने वाले एक कथित आतंकी को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी का संबंध ईरान समर्थित आतंकी नेटवर्क और इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) से बताया जा रहा है।
कासिम सुलेमानी की मौत का बदला लेना चाहता था आरोपी
रिपोर्ट के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी मोहम्मद बाकिर साद दाऊद अल-सादी इराक का नागरिक है और वह ईरानी सैन्य कमांडर Qasem Soleimani को अपना आदर्श मानता था। बताया गया है कि 2020 में अमेरिकी ड्रोन हमले में सुलेमानी की मौत के बाद वह बदले की भावना से भर गया था। आरोपी कथित तौर पर कहता था कि इवांका ट्रंप को निशाना बनाकर वह ट्रंप परिवार को उसी दर्द का एहसास कराना चाहता है।
फ्लोरिडा स्थित घर का नक्शा भी मिला
जांच एजेंसियों के मुताबिक, आरोपी के पास फ्लोरिडा में स्थित इवांका ट्रंप और उनके पति Jared Kushner के घर का नक्शा भी मिला। उसने सोशल मीडिया पर कथित तौर पर उस इलाके की तस्वीर साझा करते हुए धमकी भरे संदेश भी पोस्ट किए थे। एक पोस्ट में उसने लिखा था कि “न महल और न ही सुरक्षा एजेंसियां तुम्हें बचा पाएंगी।”
अमेरिका प्रत्यर्पित, कई हमलों के आरोप
अमेरिकी न्याय विभाग के अनुसार, अल-सादी को 15 मई 2026 को तुर्की में गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी के समय वह रूस भागने की कोशिश कर रहा था। बाद में उसे अमेरिका प्रत्यर्पित कर दिया गया। उस पर यूरोप और अमेरिका में कई हमलों और हमलों की साजिश रचने के आरोप लगाए गए हैं। जांच एजेंसियों का दावा है कि वह कई आतंकी घटनाओं में शामिल रहा है।
यूरोप और कनाडा में भी हमलों के आरोप
आरोपी पर एम्स्टर्डम में बैंक पर बमबारी, लंदन में चाकूबाजी, टोरंटो में अमेरिकी वाणिज्य दूतावास पर गोलीबारी और बेल्जियम व नीदरलैंड में धार्मिक स्थलों पर हमलों के आरोप भी लगाए गए हैं। अमेरिकी अधिकारियों के मुताबिक, उसका संबंध कताइब हिजबुल्लाह और IRGC जैसे संगठनों से था और वह ईरानी सैन्य अधिकारियों के संपर्क में भी रहा।
सोशल मीडिया पर दिखाता था आलीशान जिंदगी
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय था। वह दुनिया के कई मशहूर पर्यटन स्थलों से तस्वीरें साझा करता था और हथियारों की तस्वीरें पोस्ट कर कथित तौर पर लोगों को डराने की कोशिश करता था।
हाई सिक्योरिटी जेल में बंद आरोपी
फिलहाल आरोपी को न्यूयॉर्क के ब्रुकलिन स्थित मेट्रोपॉलिटन डिटेंशन सेंटर (MDC) में रखा गया है। वह हाई सिक्योरिटी निगरानी में है और मामले की जांच जारी है।