मुंबई, 22 मई। मैडॉक फिल्म्स की आगामी फिल्म 'कॉकटेल 2' का ताजा गाना 'माशूका' सोशल मीडिया पर काफी चर्चा में है। इसमें बॉलीवुड संगीत और इटालियन धुनों का अनोखा संगम प्रस्तुत किया गया है, जिससे यह गाना तेजी से लोगों के दिलों में जगह बना रहा है। खास बात है कि प्रीतम ने इस गाने के लिए पहले बार इटालियन कलाकार महमूद के साथ मिलकर काम किया है। फिल्म में मुख्य भूमिकाओं में शाहिद कपूर, कृति सेनन और रश्मिका मंदाना नजर आएंगे।
'माशूका' एक रोमांटिक और डांस से भरा ट्रैक है, जो प्रेम, मस्ती और नई दोस्ती की भावनाओं को उजागर करता है। गाने का माहौल ऐसा है कि यह छुट्टियों और रोमांटिक लम्हों की याद दिलाता है। राघव चैतन्य ने गाने में अपनी आवाज दी है, जबकि महमूद ने इटालियन हिस्सों के लिए लेखन, गायकी और संगीत में सहयोग किया है।
प्रीतम ने महमूद के साथ काम करने के अनुभव को साझा करते हुए कहा, ''सही कलाकार के साथ सहयोग करने से गाने का अनुभव पूरी तरह बदल जाता है। 'माशूका' की शूटिंग इटली के सिसिली क्षेत्र में की गई है, इसलिए इटालियन कलाकार की उपस्थिति आवश्यक थी। महमूद की आवाज और गायकी का अंदाज इतना अनोखा और आकर्षक है कि उसने इस गाने को एक नई पहचान दी।''
महमूद ने भी बॉलीवुड के साथ अपने इस अनुभव को विशेष बताया। उन्होंने कहा, ''मुझे हमेशा से बॉलीवुड की फिल्में और संगीत पसंद रहे हैं। बॉलीवुड में संगीत, कहानी और भावनाएं मिलकर एक अद्भुत दुनिया का निर्माण करती हैं। प्रीतम के साथ काम करना मेरे लिए सपना साकार होने जैसा था, इसलिए यह प्रोजेक्ट मेरे दिल के करीब है। मुझे यह बात बहुत पसंद आई कि दो अलग-अलग संस्कृतियां संगीत के माध्यम से आपस में जुड़ रही हैं।''
गाने के म्यूजिक वीडियो में शाहिद कपूर और कृति सेनन एक स्टाइलिश और रोमांटिक लुक में नजर आ रहे हैं। उनकी केमिस्ट्री को दिलचस्प तरीके से प्रदर्शित किया गया है।
फिल्म 'कॉकटेल 2' 19 जून को सिनेमाघरों में दस्तक देने वाली है।