ईसीएचएस-विशाखापत्तनम भर्ती सूचना: मेडिकल स्पेशलिस्ट समेत कई पदों पर आवेदन की आखिरी तारीख 22 मई

ईसीएचएस-विशाखापत्तनम भर्ती सूचना: मेडिकल स्पेशलिस्ट समेत कई पदों पर आवेदन की आखिरी तारीख 22 मई

अमरावती, 20 मई। पूर्व सैनिक स्वास्थ्य योजना (एक्स-सर्विसमैन कंट्रीब्यूटरी हेल्थ स्कीम) ने ईसीएचएस के विशाखापत्तनम-I, काकीनाडा, और विजयनगरम स्थित पॉलीक्लिनिक में एक वर्ष के लिए संविदा अधार पर कुल 5 पदों पर उम्मीदवारों की नियुक्ति हेतु एक आधिकारिक सूचना जारी की है। यह अनुबंध उम्मीदवारों के प्रदर्शन और पद के लिए निर्धारित शर्तों के अनुसार एक वर्ष तक बढ़ाया जा सकता है। ईसीएचएस द्वारा उपलब्ध कराए गए 5 पदों में 1 चिकित्सा अधिकारी (मेडिकल ऑफिसर), 2 चिकित्सा विशेषज्ञ (मेडिकल स्पेशलिस्ट), और 2 दंत चिकित्सा सहायक/तकनीशियन/स्वच्छता विशेषज्ञ (डेंटल असिस्टेंट/टेक्नीशियन/हाइजीनिस्ट) शामिल हैं।

इन सभी पदों के लिए ऑफलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है, और आवेदन करने की अंतिम तारीख 22 मई निर्धारित की गई है। ऐसे में यदि कोई चिकित्सा क्षेत्र से जुड़े योग्य और इच्छुक आवेदक इन पदों के लिए आवेदन करना चाहते हैं, तो उन्हें समय सीमा के भीतर अपना रजिस्ट्रेशन फॉर्म जमा करने की सलाह दी जाती है।

जो अभ्यर्थी आवेदन करना चाहते हैं, उनके पास मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से संबंधित क्षेत्र में एमबीबीएस, विशेषज्ञता में एमडी/एमएस/डीएनबी, या डेंटल एच/टी/ए में डिप्लोमा होना अनिवार्य है। इसके साथ ही सभी पदों के लिए आवेदकों के पास प्रासंगिक क्षेत्र में कम से कम 3 से 5 वर्षों का अनुभव होना भी आवश्यक है।

आवेदकों की अधिकतम आयु पद के अनुसार रोजगार के लिए 56 से 68 वर्ष और संविदात्मक सेवा के लिए 58 से 70 वर्ष निर्धारित की गई है। योग्य उम्मीदवारों का चयन इंटरव्यू और दस्तावेज सत्यापन के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित आवेदकों की सैलरी डेंटल पद के लिए 36,500 रुपए, मेडिकल ऑफिसर पद के लिए 95,000 रुपए और मेडिकल स्पेशलिस्ट पद के लिए 1,30,000 रुपए प्रति माह होगी।

आवेदन करने के लिए उम्मीदवारों को सबसे पहले ईसीएचएस की आधिकारिक वेबसाइट पर जाना होगा। होमपेज पर संबंधित पद के लिए एप्लीकेशन फॉर्म डाउनलोड कर उसका प्रिंट निकालें। इसके बाद फॉर्म में आवश्यक जानकारी भरें और साथ में सभी डॉक्यूमेंट्स की फोटोकॉपी लगाएं। अंत में सभी चीजों को एक लिफाफे में डालकर 'ओआईसी, स्टेशन मुख्यालय (ईसीएचएस सेल), नौसेना बॉघ, पीओ - गांधीग्राम, विशाखापत्तनम, आंध्र प्रदेश, पिन-530005' पते पर भेज दें।