ईसीएचएस में चिकित्सा अधिकारियों सहित 14 पदों के लिए आवेदन आमंत्रित

ईसीएचएस में चिकित्सा अधिकारियों सहित 14 पदों के लिए आवेदन आमंत्रित

चंडीगढ़, 20 मई। पूर्व सैनिक अंशदायी स्वास्थ्य योजना (ईसीएचएस), हिसार ने अपनी स्टेशन मुख्यालय के अधीन ईसीएचएस पॉलीक्लिनिक में संविदा की विभिन्न 14 भर्तियों के लिए एक नोटिस प्रकाशित किया है। इच्छुक और योग्य उम्मीदवारों से मेडिकल ऑफिसर और गैर-चिकित्सा स्टाफ सहित विभिन्न पदों के लिए आवेदन मांगे गए हैं। इस अधिसूचना में 14 खाली पदों में 9 चिकित्सा अधिकारी, 1 डेटा ऑपरेटर, 1 डेंटल असिस्टेंट/टेक्नीशियन/हाइजीनिस्ट तथा 3 डीईओ/सीआईके शामिल हैं।

इन सभी पदों के लिए ऑफलाइन आवेदन की प्रक्रिया आरंभ हो चुकी है और अंतिम तिथि 2 जून रखी गई है। जो भी उम्मीदवार आवेदन करना चाहते हैं, वे ईसीएचएस की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर निर्धारित तिथि से पहले अपना आवेदन पत्र जमा कर सकते हैं।

आवेदकों को किसी मान्यता प्राप्त शैक्षणिक संस्था से संबंधित क्षेत्र में एमबीबीएस (इंटर्नशिप के बाद न्यूनतम 3 वर्ष का अनुभव), 12वीं कक्षा के साथ विज्ञान या उसके समकक्ष विषय में ग्रेजुएशन, तथा दो साल का डिप्लोमा जैसे आवश्यक मानदंडों को पूरा करना होगा। इसके अलावा, उम्मीदवारों के पास संबंधित क्षेत्र में 1 से 9 वर्षों का अनुभव और अन्य निर्धारित योग्यता भी आवश्यक है।

इन पदों के लिए आवेदकों की अधिकतम आयु सीमा 53 से 66 वर्ष के बीच निर्धारित की गई है। योग्य उम्मीदवारों का चयन इंटरव्यू और दस्तावेज सत्यापन के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित व्यक्तियों को 19,000 से लेकर 95,000 रुपए तक का मासिक वेतन मिलेगा।

आवेदन करने के लिए उम्मीदवारों को पहले ईसीएचएस की आधिकारिक वेबसाइट पर जाना चाहिए। होमपेज पर संबंधित पद का आवेदन पत्र डाउनलोड करें और उसका प्रिंट आउट लें। उसके बाद सभी आवश्यक जानकारी भरकर सभी दस्तावेजों की फोटोकॉपी को आवेदन के साथ संलग्न करें। फिर इसे एक लिफाफे में डालकर 'ओआईसी स्टेशन मुख्यालय (ईसीएचएस सेल), हिसार' पते पर भेज दें।