चंडीगढ़, 20 मई। पूर्व सैनिक अंशदायी स्वास्थ्य योजना (ईसीएचएस) ने श्री गंगानगर और हनुमानगढ़ के पॉलीक्लिनिक में संविदा पर चिकित्सा अधिकारी, दंत अधिकारी, पैरामेडिकल और अन्य गैर-चिकित्सा कर्मचारियों के लिए 9 पदों की भर्ती का आधिकारिक नोटिस जारी किया है। इनमें प्रभारी अधिकारी (केवल पूर्व सैनिकों के लिए), चिकित्सा अधिकारी, दंत चिकित्सा अधिकारी, फार्मासिस्ट, नर्सिंग सहायक, दंत स्वच्छता सहायक, एम्बुलेंस चालक और महिला परिचारिका के पद शामिल हैं।
इन पदों के लिए आवेदन प्रक्रिया ऑफलाइन प्रारंभ हो चुकी है और अंतिम तिथि 6 जून निर्धारित की गई है। योग्य उम्मीदवारों को सुझाव दिया गया है कि वे समय सीमा के भीतर अपना आवेदन पत्र जमा करें।
आवेदक के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान से संबंधित क्षेत्र में ग्रेजुएशन, एमबीबीएस, बीडीएस, डी फार्मा, जीएनएम या दंत चिकित्सा में डिप्लोमा और 8वीं कक्षा पास होना अनिवार्य है। साथ ही, उम्मीदवारों को प्रासंगिक क्षेत्र में 3 से 5 वर्षों का अनुभव होना जरूरी है।
चयनित उम्मीदवारों की नियुक्ति शैक्षणिक योग्यता और अनुभव के आधार पर की जाएगी, जिसमें शॉर्टलिस्टिंग, इंटरव्यू और दस्तावेजों की जांच शामिल है। चयनित उम्मीदवारों को प्रति माह 21,800 से 95,000 रुपए तक का वेतन मिलेगा।
आवेदन के लिए उम्मीदवारों को पहले ईसीएचएस की आधिकारिक वेबसाइट पर जाना होगा, होमपेज से संबंधित पद का एप्लीकेशन फॉर्म डाउनलोड करके उसका प्रिंट ले लेना होगा। इसके बाद, फॉर्म में सभी जानकारियों को भरकर आवश्यक दस्तावेजों की फोटोकॉपी के साथ आवेदन भेजना होगा। सभी दस्तावेजों को एक लिफाफे में डालकर "ईसीएचएस सेल, स्टेशन मुख्यालय, श्री गंगानगर, पिन कोड 900291 और सिविल पिन कोड 335001, सी/ओ 56 एपीओ" के पते पर भेजना होगा।
यह नियुक्ति केवल 11 महीने की अवधि के लिए है।