मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे विपक्षी गठबंधन INDIA ब्लॉक के सांसदों को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात का समय मिल गया है। ताजा जानकारी के मुताबिक, आज शुक्रवार (9 अक्टूबर) रात 8 बजे विपक्ष के 10 सांसद राष्ट्रपति से मुलाकात करेंगे और उन्हें ज्ञापन सौंपकर मुख्य चुनाव आयुक्त को पद से हटाने की मांग करेंगे। मालूम हो कि विपक्षी दल पिछले कई दिनों से राष्ट्रपति से मिलने का समय मांग रहे थे। कांग्रेस समेत INDIA ब्लॉक की पार्टियां दिल्ली में ज्ञानेश कुमार के खिलाफ लगातार प्रदर्शन कर रही हैं। शुक्रवार को विरोध-प्रदर्शन का चौथा दिन है।

10 सांसदों के प्रतिनिधिमंडल को मिली मंजूरी

राष्ट्रपति भवन की ओर से विपक्ष के 10 नेताओं के प्रतिनिधिमंडल को मुलाकात की अनुमति दी गई है। हालांकि, INDIA ब्लॉक की मांग है कि प्रतिनिधिमंडल में 15 सांसदों को शामिल होने दिया जाए, ताकि गठबंधन की सभी पार्टियों का प्रतिनिधित्व हो सके।

क्या है विपक्ष की मांग?

विपक्षी सांसद राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को एक ज्ञापन सौंपने की तैयारी में हैं। इसमें मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को उनके पद से हटाने की मांग की जाएगी। इससे पहले शुक्रवार दोपहर 3 बजे INDIA ब्लॉक के सभी सांसद सेंट्रल हॉल में जुटे। यहां ज्ञापन पर सांसदों के हस्ताक्षर लिए गए। इसे राष्ट्रपति से मुलाकात के दौरान सौंपा जाएगा।

20 हजार से ज्यादा जवान तैनात

विपक्ष ने शुक्रवार को राष्ट्रपति भवन तक मार्च निकालने की योजना बनाई थी। हालांकि, राष्ट्रपति से मुलाकात का समय मिलने के बाद मार्च को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। यह देखना होगा कि विपक्ष अपना प्रस्तावित मार्च जारी रखता है या उसे स्थगित करने का फैसला करता है। वहीं, मार्च की संभावना को देखते हुए दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। अधिकारियों के मुताबिक, राजधानी में पुलिस और अर्धसैनिक बलों के 20 हजार से अधिक जवान तैनात किए गए हैं।

सीजेपी प्रोटेस्ट से पहले 57 मेट्रो स्टेशन बंद 

कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) ने भी 10 अक्टूबर शनिवार को ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रोटेस्ट करने का एलान किया है। हालांकि दिल्ली पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कॉकरोच जनता पार्टी को प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी गई है, लेकिन इसके मद्देनजर राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। पुलिस की सलाह पर दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) ने आज शुक्रवार रात 9 बजे से अगले आदेश तक राजधानी के 57 मेट्रो स्टेशनों को बंद करने का एलान किया है। डीएमआरसी ने इसके पीछे सुरक्षा कारणों का हवाला दिया है। 

कौन-कौन से स्टेशन रहेंगे बंद?

  • जनपथ
  • पटेल चौक
  • केंद्रीय सचिवालय
  • लोक कल्याण मार्ग
  • राजीव चौक
  • नई दिल्ली
  • सेवा तीर्थ (उद्योग भवन)
  • मंडी हाउस
  • बाराखंभा रोड
  • आईटीओ
  • दिल्ली गेट
  • खान मार्केट
  • रामकृष्ण आश्रम मार्ग
  • झंडेवालान
  • सुप्रीम कोर्ट
  • इंद्रप्रस्थ
  • शिवाजी स्टेडियम
  • आईएनए (दोनों मेट्रो लाइनों पर)
  • हौज खास
  • जोर बाग
  • अर्जनगढ़
  • सराय काले खां-निजामुद्दीन
  • लाजपत नगर
  • जंगपुरा
  • आश्रम
  • कालिंदी कुंज
  • जसोला
  • जामिया मिल्लिया इस्लामिया
  • ओखला विहार
  • चावड़ी बाजार
  • जामा मस्जिद
  • करोल बाग
  • राजेंद्र प्लेस
  • विश्वविद्यालय
  • विधानसभा
  • सिविल लाइंस
  • कश्मीरी गेट
  • इंद्रलोक
  • जीटीबी नगर
  • कन्हैया नगर
  • नेताजी सुभाष प्लेस
  • आजादपुर
  • आदर्श नगर
  • जहांगीरपुरी
  • हैदरपुर बादली मोड़
  • मजलिस पार्क
  • शालीमार बाग
  • सीलमपुर
  • मौजपुर
  • जाफराबाद
  • वेलकम
  • यमुना विहार
  • खजूरी खास
  • शाहदरा
  • रिठाला
  • रोहिणी ईस्ट
  • रोहिणी वेस्ट