नई दिल्ली, 23 मई। इंडिगो एयरलाइन ने शनिवार को दिल्ली में यात्रा कर रहे यात्रियों के लिए एक ट्रैवल सलाह जारी की है। राष्ट्रीय राजधानी में आंधी और बारिश की संभावनाओं को देखते हुए, एयरलाइन ने बताया कि मौसम की खराबी के कारण उड़ानों की समय पर आवाजाही प्रभावित हो सकती है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में, एयरलाइन ने कहा कि दिल्ली का मौसम उड़ान संचालन को अस्थायी रूप से प्रभावित कर सकता है। लेकिन, एयरपोर्ट और एयरलाइन की टीमें संभावित व्यवधान को कम करने के लिए पूर्व में तैयारियों में जुटी हैं।
इंडिगो ने कहा, "दिल्ली में आंधी और बारिश की संभावना बन रही है, जिसके चलते उड़ानों के आगमन और प्रस्थान प्रभावित हो सकते हैं। हमारी टीमें यह सुनिश्चित करने के लिए पहले से तैयारी कर रही हैं कि संचालन सामान्य रहे, लेकिन मौसम के कारण थोड़ी देरी हो सकती है।"
यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे एयरपोर्ट जाने से पहले अपनी उड़ान की स्थिति को वेबसाइट या मोबाइल ऐप के माध्यम से अवश्य चेक करें।
साथ ही, यात्रियों से अनुरोध किया गया है कि वे अतिरिक्त समय लेकर चलें, क्योंकि बारिश और जलभराव के कारण शहर के कई क्षेत्रों में सड़क यातायात प्रभावित हो सकता है।
एयरलाइन ने कहा, "यदि आप आज यात्रा कर रहे हैं, तो एयरपोर्ट जाने से पहले हमारी वेबसाइट या ऐप पर अपनी फ्लाइट का स्टेटस अवश्य देखें।"
इससे पहले शुक्रवार को, एयरलाइन ने मुंबई आने-जाने वाले यात्रियों के लिए भयंकर बारिश की भविष्यवाणी को देखते हुए एक ट्रैवल सलाह जारी की थी। यात्रियों को सलाह दी गई थी कि वे खराब मौसम के कारण संभावित देरी से बचने के लिए सामान्य समय से पहले एयरपोर्ट पहुंचें।
एयरलाइन ने कहा था, "ट्रैफिक अपडेट पर ध्यान रखें और एयरपोर्ट जाने से पहले ऐप या वेबसाइट पर अपनी उड़ान की स्थिति जांचें।"
मई की शुरुआत में भी, खराब मौसम ने पूर्वी भारत में इंडिगो की उड़ानों पर असर डाला था। कोलकाता से पटना जा रही एक उड़ान को खराब मौसम के कारण पटना के जयप्रकाश नारायण अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर लैंडिंग की अनुमति नहीं मिली थी, जिसके चलते विमान को लखनऊ की ओर मोड़ना पड़ा था।