नई दिल्ली, 23 मई। कांग्रेस के सांसद इमरान मसूद ने शनिवार को महंगाई और पेट्रोल-डीजल के बढ़ते दामों पर केंद्र सरकार की आलोचना की। उन्होंने कहा कि देश धीरे-धीरे आर्थिक दबाव में जा रहा है और आने वाले समय में हालात और गंभीर हो सकते हैं। सरकार को इस पर ध्यान देने की आवश्यकता है, लेकिन अब तक कोई महत्वपूर्ण बैठक या ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। आगामी महीनों में आर्थिक स्थिति और भी चुनौतीपूर्ण हो सकती है और इसका असर आम लोगों पर पड़ेगा।
इमरान मसूद ने कहा, "झटके धीरे-धीरे आएंगे। यह तूफान आ रहा है। पीएम मोदी इसे रोकने में असफल रहेंगे। उन्होंने देश को आर्थिक मंदी की ओर धकेल दिया है और अगले एक-दो महीनों में स्थिति में और गिरावट आने वाली है। यदि इस पर विचार नहीं किया गया तो आम जनता को भारी कीमत चुकानी पड़ेगी।"
इस दौरान समाजवादी पार्टी के नेता अखिलेश यादव द्वारा कार्यकर्ताओं को 400 सीटों पर तैयार रहने के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए इमरान मसूद ने कहा कि केवल सीटों की संख्या मायने नहीं रखती, बल्कि जीत होना सबसे आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि गठबंधन में हर पार्टी अपनी योजना बनाती है और उसी के अनुसार चुनावी तैयारी होती है। किसी भी दल के लिए यह पहले से तय करना संभव नहीं है कि वह कितनी सीटें जीतेगा या हारेंगे, क्योंकि यह सब जनता के मूड पर निर्भर करता है। असली लक्ष्य जीत हासिल करना है और उसी आधार पर सीटें निर्धारित की जाएंगी।
इमरान मसूद ने कहा कि वर्तमान राजनीतिक माहौल में राहुल गांधी की भूमिका महत्वपूर्ण है। उनके अनुसार, जनता राहुल गांधी को गरीबों की आवाज मानती है और उन पर भरोसा रखती है।
इस बीच, UP कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर दिए गए बयान और उसके बाद हुई एफआईआर के बारे में पूछे जाने पर इमरान मसूद ने कहा कि उन्होंने बयान को पूरी तरह नहीं सुना, लेकिन एफआईआर का दर्ज होना एक सामान्य प्रशासनिक प्रक्रिया बन गई है। उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा कि एफआईआर तो इनके लिए रोज का काम बन गया है। उनके लोग भी हर दिन गालियाँ देते हैं, लेकिन हम एफआईआर कराने में नहीं पड़े रहते।
वहीं, समाजवादी पार्टी के सांसद राजीव राय ने भी इस मुद्दे पर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा, "हम प्रधानमंत्री से सहमत नहीं हो सकते। हम उनके विचारों से असहमत हो सकते हैं, लेकिन ऐसी बातें है जो राज्य की भाषा और नैतिक मानकों को गिराती हैं।"