कोलकाता, 19 मई (आईएएनएस)। कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ईएसआईसी), कोलकाता ने ईएसआई-पीजीआईएमएसआर और ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज के सुपर स्पेशलिटी विभाग में संविदा आधार पर 3 वर्ष की अवधि के लिए शिक्षण संकाय (टीचिंग फैकल्टी) की अलग-अलग कुल 27 पदों पर नियुक्ति के लिए पात्र उम्मीदवारों के लिए एक आधिकारिक अधिसूचना जारी की है। ईएसआईसी ने जिन विभागों में टीचिंग फैकल्टी के 27 पदों पर वैकेंसी निकाली है, उनमें प्रोफेसर के 11, एसोसिएट प्रोफेसर के 11 और असिस्टेंट प्रोफेसर के 5 पद शामिल हैं। वहीं, जिन विभागों में प्रोफेसर के 11 पदों पर भर्ती निकली है, उनमें बर्न्स और प्लास्टिक सर्जरी, कार्डियोलॉजी, एंडोक्रिनोलॉजी और मेटाबॉलिज्म, हेमेटोलॉजी, गैस्ट्रोएंटरोलॉजी, मेडिकल ऑन्कोलॉजी, नेफ्रोलॉजी, न्यूरोलॉजी, बाल शल्य चिकित्सा, सर्जिकल गैस्ट्रोएंटरोलॉजी और यूरोलॉजी का 1-1 पद शामिल है। एसोसिएट प्रोफेसर के 11 पद जिन विभागों से शामिल है, उनमें बर्न्स और प्लास्टिक सर्जरी, कार्डियोलॉजी, एंडोक्रिनोलॉजी और मेटाबॉलिज्म, हेमेटोलॉजी, गैस्ट्रोएंटरोलॉजी, मेडिकल ऑन्कोलॉजी, नेफ्रोलॉजी, न्यूरोलॉजी, बाल शल्य चिकित्सा, सर्जिकल गैस्ट्रोएंटरोलॉजी और यूरोलॉजी का 1-1 पद शामिल है। वहीं, असिस्टेंट प्रोफेसर के 5 पद जिन विभागों से शामिल है, उनमें सर्जिकल सुपर स्पेशलिटी के साथ एनेस्थिसियोलॉजी से 4 और मेडिकल ऑन्कोलॉजी का 1 पद है। इन सभी पोस्ट पर योग्य अभ्यर्थियों का चयन वॉक-इन इंटरव्यू और डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी प्रोफेसर पद के लिए 2,60,226 रुपए, एसोसिएट प्रोफेशर पद के लिए 1,73,045 रुपए और असिस्टेंट प्रोफेसर पद के लिए 1,48,669 रुपए प्रति माह होगी। इसी के साथ कैंडिडेट्स को अन्य लाभ और भत्ते भी दिए जाएंगे। आवेदकों की अधिकतम आयु 69 वर्ष तय की गई है, जिसकी गणना इंटरव्यू के तारीख के हिसाब से की जाएगी। वॉक-इन इंटरव्यू 28 मई को 'ईएसआई-पीजीआईएमएसआर और ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज, जोका की दूसरी मंजिल पर स्थित एकेडमिक ब्लॉक' पर आयोजित किए जाएंगे। ऐसे में जो उम्मीदवार इंटरव्यू में शामिल होने वाले हैं, उन्हें केंद्र पर सुबह 9:30 से 10:30 बजे के बीच डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के लिए उपस्थित होना होगा। साक्षात्कार के लिए सुबह 10:30 बजे के बाद केंद्र पहुंचने वाले उम्मीदवारों पर विचार नहीं किया जाएगा।
ईएसआईसी-कोलकाता भर्ती अलर्ट: प्रोफेसर सहित 27 पदों पर वैकेंसी, 28 मई को वॉक-इन इंटरव्यू