चंडीगढ़, 21 मई। भीषण गर्मी और लू के हालात को ध्यान में रखते हुए हरियाणा सरकार के स्कूल शिक्षा निदेशालय ने राज्यभर के सभी सरकारी और निजी स्कूलों में ग्रीष्मकालीन अवकाश की घोषणा की है। इस आदेश के अनुसार, विद्यालय 25 मई 2026 (सोमवार) से 30 जून 2026 (मंगलवार) तक बंद रहेंगे। सभी स्कूल 1 जुलाई 2026 (बुधवार) से फिर से खुलेंगे।
यह निर्देश सभी जिला शिक्षा अधिकारियों, मूल शिक्षा अधिकारियों, खण्ड शिक्षा अधिकारियों और खण्ड मौलिक शिक्षा अधिकारियों को भेजा गया है।
निदेशालय ने यह सुनिश्चित करने के लिए कहा है कि इस आदेश का सख्ती से पालन किया जाए और किसी भी उल्लंघन की जानकारी तुरंत उच्च अधिकारियों को दी जाए।
आदेश में यह भी निर्देशित किया गया है कि सभी स्कूलों में अवकाश की सूचना का व्यापक प्रचार किया जाए। विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों को स्कूल के नोटिस बोर्ड, एसएमएस, व्हाट्सएप और अन्य माध्यमों से अवकाश की जानकारी प्रदान की जाए। अवकाश के दौरान गृहकार्य, एसएमसी बैठकें, पीटीएम और अन्य शैक्षणिक गतिविधियों का सही तरीके से संचालन किया जाए।
इसके अतिरिक्त, मध्याह्न भोजन योजना के तहत अवकाश के दौरान मिड-डे मील का संचालन भी रोक दिया जाएगा।
सरकार ने छात्रों की सुरक्षा और स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए यह कदम उठाया है, ताकि हीटवेव और गर्मी के कारण किसी प्रकार की समस्या का सामना न करना पड़े।
दिल्ली और उत्तर भारत के कई क्षेत्रों में भीषण गर्मी का प्रकोप बढ़ गया है। राजस्थान, हरियाणा, पंजाब और उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से अधिक पहुंच चुका है, जिसके चलते भारत मौसम विज्ञान विभाग ने कई राज्यों में रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
आईएमडी के अनुसार, यह गर्मी आने वाले दिनों में भी जारी रहने की संभावना है, जिससे पूरे क्षेत्र के जनजीवन पर बुरा असर पड़ेगा।
चंडीगढ़ भी इस गर्मी की संकट में है। आईएमडी के निदेशक सुरिंदर पॉल ने कहा कि अगले 48 घंटे तक लू जैसी स्थिति बनी रहने की उम्मीद है।
उन्होंने बताया कि हरियाणा के रोहतक में गर्मी ने रिकॉर्ड तोड़ते हुए तापमान 46.9 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचाया है।