हर विकास खंड में शुरू होगी साप्ताहिक चौपाल, जन समस्याओं का समाधान करेंगे: सीएम योगी

हर विकास खंड में शुरू होगी साप्ताहिक चौपाल, जन समस्याओं का समाधान करेंगे: सीएम योगी

लखनऊ, 24 मई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आम जनता की शिकायतों के निवारण के लिए हर विकास खंड में साप्ताहिक चौपाल आयोजित करने का ऐलान किया है। इन चौपालों में जनसाधारण से संबंधित मुद्दों जैसे राजस्व विवाद, घरेलू हिंसा, अवैध वसूली और स्थानीय पुलिस शिकायतों का तत्काल समाधान किया जाएगा। इसके साथ ही, सरकारी योजनाओं से वंचित पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पहुँचाने की व्यवस्था भी की जाएगी।

रविवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए संपन्न हुई कानून-व्यवस्था व प्रशासनिक समीक्षा बैठक में, मुख्यमंत्री ने बताया कि शासन की प्राथमिकता जनता की समस्याओं का त्वरित, पारदर्शी और संतोषजनक समाधान करना है। उन्होंने कहा कि चौपालों के संचालन के लिए शासन से विस्तृत एसओपी जारी की जाएगी और सभी आवेदनों और शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निपटारा सुनिश्चित किया जाएगा। जनपद स्तर के अधिकारियों की चौपाल में अनिवार्य उपस्थिति रहेगी।

सीएम योगी ने आईजीआरएस और सीएम हेल्पलाइन पर आई शिकायतों के बारे में अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि हर शिकायत को गंभीरता से लिया जाए। शिकायतों का केवल औपचारिक निपटारा नहीं होना चाहिए, पीड़ित को वास्तविक राहत मिलनी चाहिए।

बैठक के दौरान, मुख्यमंत्री ने गंगा दशहरा और बकरीद के पर्व के मद्देनजर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि बकरीद पर सार्वजनिक स्थानों पर पशुओं की कुर्बानी की अनुमति नहीं होगी और प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी पूरी तरह से प्रतिबंधित रहेगी। कुर्बानी केवल पूर्व निर्धारित स्थलों पर की जा सकेगी और नई परंपराओं को बढ़ावा नहीं दिया जाएगा।

सीएम ने कहा कि नमाज केवल पारंपरिक स्थलों पर अदा होनी चाहिए और सड़क पर नमाज अदा करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। उन्होंने सभी जिलों में कुर्बानी के बाद अपशिष्ट निस्तारण की योजना को सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। खुले में मांस बिक्री पर रोक रहेगी और अवैध स्लॉटर हाउस का संचालन किसी भी स्थिति में नहीं होना चाहिए। वैध स्लॉटर हाउस में भी निर्धारित क्षमता से अधिक पशुओं को न रखा जाए।

उन्होंने पर्वों के दौरान बिजली आपूर्ति, स्वच्छता और सुरक्षा को लेकर विशेष सावधानी बरतने के निर्देश दिए। संवेदनशील क्षेत्रों में पर्व से पहले फ्लैग मार्च आयोजित किया जाए और धार्मिक स्थलों के आस-पास पुलिस बल की लगातार गश्त सुनिश्चित की जाए।

मुख्यमंत्री ने अलीगढ़, बिजनौर, सहारनपुर, रामपुर और संभल जैसे संवेदनशील जिलों के जिलाधिकारियों और पुलिस कप्तानों से बातचीत करते हुए कहा कि पिछले वर्षों की घटनाओं का अध्ययन करें और संदिग्ध अराजक तत्वों की सूची बनाएं तथा जरूरत पड़ी तो निषेधात्मक कार्रवाई लागू करें। सभी थानों, तहसीलों और जनपदों में पीस कमेटियों के साथ संवाद बनाए रखने का भी निर्देश दिया गया।

गंगा दशहरा की तैयारियों की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने प्रयागराज, वाराणसी, अयोध्या, चित्रकूट, हापुड़, मुजफ्फरनगर और अमरोहा के गंगा घाटों की साफ-सफाई, बैरिकेडिंग, एंबुलेंस की तैनाती, छायादार व्यवस्था और पार्किंग प्रबंधन की सुनिश्चितता की बात कही। उन्होंने कहा कि गर्मी को ध्यान में रखते हुए श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा को प्राथमिकता दी जाए।

बैठक में सड़क सुरक्षा और अवैध खनन पर मुख्यमंत्री ने सख्त निर्देश दिए। बिना नंबर प्लेट वाले वाहनों के खिलाफ अभियान चलाने और अवैध खनन के खिलाफ टास्क फोर्स बनाने की बात की। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि किसी भी प्रकार के दबाव में आए बिना जीरो टॉलरेंस नीति के अनुसार कार्रवाई हो, लेकिन इसकी आड़ में आम नागरिकों का उत्पीड़न नहीं होना चाहिए।

सीएम योगी ने भू-माफिया के खिलाफ कार्रवाई को तेज करने के निर्देश देते हुए कहा कि किसी के वैध अधिकार का हनन नहीं होना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि जिन जिलों में मुख्य चिकित्सा अधिकारी की नियुक्ति नहीं हुई है, वहां तुरंत नियुक्ति की जाए।

बैठक में मुख्य सचिव ने 'ज्ञान भारतम मिशन' के अंतर्गत प्रदेश में 12 लाख पांडुलिपियों के चिन्हांकन की प्रगति साझा की। पुलिस महानिदेशक ने आगामी पर्वों और परीक्षाओं के संबंध में पुलिस की तैयारियों की जानकारी दी।

इस वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग बैठक में सभी मंडलायुक्त, जिलाधिकारी, पुलिस आयुक्त, अपर पुलिस महानिदेशक, पुलिस महानिरीक्षक, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, पुलिस अधीक्षक सहित शासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।