गांधीनगर, 22 मई। भारतीय निर्वाचन आयोग ने गुजरात में चार राज्यसभा सीटों के लिए द्विवार्षिक चुनाव कराने का निर्णय लिया है। आयोग के अनुसार मतदान 18 जून को होगा और उसी दिन परिणाम भी सामने आएंगे।
गुजरात से राम हरजी मोकरिया, अमीन नरहरी हिरा, गोहिल शक्ति सिंह और रमीलाबेन बारा का कार्यकाल 21 जून को समाप्त हो रहा है, जिसके चलते सभी चारों सीटों के लिए चुनाव आयोजित किए जा रहे हैं। वर्तमान में चार में से एक सीट कांग्रेस के पास है, जबकि तीन पर भाजपा का नियंत्रण है। शक्ति सिंह गोहिल का कार्यकाल खत्म होते ही गुजरात से राज्यसभा में कांग्रेस का कोई प्रतिनिधि नहीं बचेगा।
हालांकि, 18 जून को होने वाले चुनाव में सभी सीटों के निर्विरोध चुने जाने की उम्मीद है। विधानसभा में मौजूद संख्या के अनुसार, सभी चार सीटें भाजपा जीत सकती है। यदि ऐसा होता है, तो यह पहली बार होगा जब गुजरात से राज्यसभा में कांग्रेस का कोई सदस्य नहीं होगा।
भाजपा के पास वर्तमान में 162 विधायक हैं, जबकि दो निर्दलीय विधायकों का भी समर्थन है। दूसरी ओर, कांग्रेस के पास केवल 12 विधायक हैं। समाजवादी पार्टी से एक और आम आदमी पार्टी से चार विधायक हैं, जिसमें से एक को निष्कासित किया जा चुका है।
गुजरात के साथ ही अन्य 9 राज्यों की 20 सीटों के लिए भी राज्यसभा चुनाव की घोषणा की गई है। जून-जुलाई 2026 में 10 राज्यों से कुल 24 सदस्यों का कार्यकाल समाप्त होने वाला है। इन रिक्तियों को भरने के लिए आयोग ने चुनाव कार्यक्रम निर्धारित किया है।
आयोग द्वारा जारी किए गए कार्यक्रम के अनुसार, अधिसूचना जारी करने की तारीख 1 जून 2026 है, नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 8 जून 2026 है, जबकि नामांकनों की जांच 9 जून 2026 को होगी। नाम वापस लेने की अंतिम तिथि 11 जून 2026 और मतदान 18 जून 2026 (गुरुवार) को होगा। मतदान सुबह 9 बजे से लेकर दोपहर 4 बजे तक होगा और मतगणना उसी दिन शाम 5 बजे की जाएगी। पूरी चुनाव प्रक्रिया 20 जून 2026 तक समाप्त कर दी जाएगी।
आयोग ने यह स्पष्ट किया है कि मतदान के दौरान केवल रिटर्निंग अधिकारी द्वारा दिए गए विशेष बैंगनी रंग के स्केच पेन का ही प्रयोग किया जाएगा। इसके अतिरिक्त, चुनाव प्रक्रिया को स्वतंत्र और पारदर्शी बनाने के लिए पर्यवेक्षकों की नियुक्ति की जाएगी।
जारी की गई सूची में आंध्र प्रदेश से 4, गुजरात से 4, झारखंड से 2, मध्य प्रदेश से 3, मणिपुर से 1, मेघालय से 1, राजस्थान से 3, अरुणाचल प्रदेश से 1, कर्नाटक से 4 और मिजोरम से 1 सदस्य शामिल हैं। इनमें से अधिकांश सदस्यों का कार्यकाल 21 जून को समाप्त हो रहा है, जबकि कर्नाटक के कुछ सदस्यों का कार्यकाल 25 जून और मिजोरम के सदस्य का 19 जुलाई को समाप्त होगा।
इस सूची में उल्लेखित प्रमुख नामों में आंध्र प्रदेश से अयोध्या रामि रेड्डी आल्ला, नाथवानी परिमल, पिल्ली सुभाषचंद्र बोस और साना सतीश बाबू; गुजरात से राम हरजी मोकरिया, अमीन नरहरी हिरा, गोहिल शक्ति सिंह और रमिलाबेन बारा; मध्य प्रदेश से जॉर्ज कुरियन, दिग्विजय सिंह और सुमेर सिंह सोलंकी शामिल हैं।
इसके अलावा, मणिपुर से महाराजा सनाजाओबा लैशेम्बा, मेघालय से वानवेइरोय खार्लुखी, राजस्थान से नीरज डांगी, राजेंद्र गहलोत, रवनीत सिंह, अरुणाचल प्रदेश से नबाम रेबिया, कर्नाटक से नारायण कोरगप्पा, इरन्ना कदादी, एचडी देवेगौड़ा, मल्लिकार्जुन खड़गे और मिजोरम से के वानलालवेना सदस्य बनाए गए हैं।