ग्रेटर नोएडा: दीपक हत्याकांड के आरोपियों के साथ पुलिस की मुठभेड़, दोनों बदमाश घायल

ग्रेटर नोएडा: दीपक हत्याकांड के आरोपियों के साथ पुलिस की मुठभेड़, दोनों बदमाश घायल

ग्रेटर नोएडा के थाना ईकोटेक-3 क्षेत्र में दीपक नागर हत्याकांड में पुलिस ने एक महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। इस मामले में वांछित दो आरोपियों की गुरुवार को पुलिस से मुठभेड़ हुई, जिसमें दोनों बदमाशों को गोली लगी। पुलिस ने दोनों को हिरासत में ले लिया और उनके पास से अवैध हथियार तथा कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, रात के समय थाना ईकोटेक-3 क्षेत्र के ग्राम वैदपुरा के पास एक युवक को गोली मारने का अलर्ट मिला। तत्काल पुलिस, फॉरेंसिक टीम और वरिष्ठ अधिकारियों ने घटनास्थल पर पहुंचकर कार्रवाई शुरू की। वहां एक युवक गंभीर रूप से घायल पाया गया, जिसे अस्पताल भेजा गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतक की पहचान दीपक नागर के रूप में हुई, जो ग्राम वैदपुरा का निवासी था। इस घटना के बाद, परिवार की शिकायत पर पुलिस ने हत्या सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पांच विशेष टीमों का गठन किया।

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस मर्डर और साजिश से जुड़े चार आरोपियों नवीन, अभय, आकाश और मोगली उर्फ पवन को पहले ही पकड़ लिया था। इसी बीच, गुरुवार को पुलिस को एक गोपनीय सूचना मिली कि हत्याकांड के दो अन्य आरोपी डी पार्क सर्विस रोड के समीप किसी का इंतजार कर रहे हैं। इस जानकारी पर थाना ईकोटेक-3 की पुलिस ने वहां पहुंचकर आरोपियों को पकड़ने का प्रयास किया।

पुलिस के अनुसार, जब आरोपियों ने स्वयं को घिरा हुआ देखा, तो उन्होंने जान से मारने की मंशा से पुलिस पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसके दौरान दोनों आरोपी घायल हो गए। घायलों की पहचान हर्ष उर्फ राधे पुत्र कल्लू और जगत सिंह पुत्र छिद्दा, दोनों ग्राम वैदपुरा के निवासी हैं। दोनों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

मुठभेड़ के बाद पुलिस ने आरोपियों के पास से दो अवैध .315 बोर के तमंचे, दो जिंदा कारतूस और दो खोखा कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस ने कहा कि आगे की विधिक प्रक्रिया जारी है और हत्याकांड से संबंधित अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।