गर्मी में यात्रा करना चुनौतियों भरा, जानें क्या करें और क्या न करें?

गर्मी में यात्रा करना चुनौतियों भरा, जानें क्या करें और क्या न करें?

नई दिल्ली, 24 मई। इस समय देश के विभिन्न क्षेत्रों में अत्यधिक गर्मी की स्थिति बनी हुई है। कई राज्यों में ऑरेंज और रेड अलर्ट जारी किया गया है। इसके साथ ही, 25 मई से 2 जून तक नौतपा पड़ने वाला है, जिससे तापमान और बढ़ने की आशंका है। ऐसे में यात्रा करने वाले लोगों के लिए सावधानी बरतना अत्यंत आवश्यक हो गया है।

भारत सरकार के नेशनल हेल्थ मिशन (एनएचएम) ने गर्मियों में यात्रा को सुरक्षित और सुखद बनाने के लिए कुछ महत्वपूर्ण सुझाव दिए हैं। मिशन का मानना है कि थोड़ी सी तैयारियों और सावधानियों के जरिए गर्मियों में यात्रा को सुगम बनाया जा सकता है।

यात्रा से पूर्व की तैयारी: यात्रा शुरू करने से पहले अच्छी नींद लेना और आराम करना महत्वपूर्ण है। हल्के, सूती और ढीले कपड़े पहनें ताकि शरीर में वायु का प्रवाह बना रहे और गर्मी कम महसूस हो। धूप से बचने के लिए छाता, टोपी, सनग्लासेज और एसपीएफ युक्त सनस्क्रीन साथ रखें।

यात्रा के दौरान ध्यान रखने योग्य बातें: कभी भी खाली पेट यात्रा न करें। घर से हल्का नाश्ता करना न भूलें। हमेशा पानी की बोतल अपने साथ रखें और लगातार छोटे-छोटे घूंट लेते रहें। ओआरएस, नींबू पानी, नारियल पानी या ग्लूकोज पाउडर भी साथ रखें, जिससे डिहाइड्रेशन से बचा जा सके। हल्का, ताजा और आसानी से पचने वाला भोजन करें। भारी और तला-भुना खाना लेने से बचें। बच्चों और बुजुर्गों पर विशेष ध्यान रखें और उन्हें समय-समय पर पानी पिलाते रहें।

अन्य जरूरी सावधानियाँ: दिन के 12 बजे से 3 बजे के बीच यात्रा करने से बचें, यदि संभव हो तो। वाहन में एसी का तापमान अत्यधिक कम न रखें। यदि कहीं रुकना पड़े, तो छायादार और ठंडी जगह चुनें। थकान महसूस होने पर तुरंत आराम करें। स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि डिहाइड्रेशन और हीट स्ट्रोक से बचने के लिए पानी और इलेक्ट्रोलाइट्स का संतुलन बनाए रखना बेहद जरूरी है।