गर्मी की छुट्टियों में बच्चों को गांव ले जाकर सांस्कृतिक संबंध बढ़ाने का सुझाव : सुनील लहरी

गर्मी की छुट्टियों में बच्चों को गांव ले जाकर सांस्कृतिक संबंध बढ़ाने का सुझाव : सुनील लहरी

मुंबई, 20 मई। जैसे ही गर्मी का मौसम आता है, बहुत से अभिभावक अपने बच्चों के साथ छुट्टियों के लिए पहाड़ी स्थानों या विदेश जाने का कार्यक्रम बनाते हैं। इसी बीच, अभिनेता सुनील लहरी ने बुधवार को माता-पिता को सलाह दी कि इस बार वे बच्चों को गांव लेकर जाएं। इंस्टाग्राम पर साझा किए गए एक वीडियो में उन्होंने चिंता व्यक्त की कि बच्चे वास्तविक संस्कृति से दूर होते जा रहे हैं। इसके साथ ही उन्होंने सभी से आग्रह किया कि वे गर्मियों की छुट्टियों में बच्चों को गांव लेकर जाकर उन्हें अपनी जड़ों से जोड़ें।

सुनील लहरी वीडियो में कहते हैं, "गर्मी की छुट्टियां चल रही हैं और देशभर में तापमान में काफी बढ़ोतरी हो गई है। इस वक्त अक्सर माता-पिता अपने बच्चों को ठंडी जगहों या विदेश यात्रा पर ले जाते हैं। ये स्थान ऐसे होते हैं, जहां बच्चों को हमारी संस्कृति, परंपराओं और मिट्टी से जुड़ने का अवसर नहीं मिल पाता।"

अभिनेता ने इस बात पर जोर दिया कि यह महत्वपूर्ण है कि बच्चों को सिखाया जाए कि वे जो भोजन करते हैं, वह कहां से आता है। उन्होंने कहा, "हमें अपने बच्चों को गांव ले जाना चाहिए। उन्हें वहां की जीवनशैली और संस्कृति से अवगत कराना जरूरी है। यह भी समझाना चाहिए कि जो अनाज हम रोज खाते हैं, उसकी कितनी अहमियत है और उसे उगाने में कितनी मेहनत लगती है।"

सुनील लहरी ने बताया कि वे हाल ही में अपने घर के बच्चों को फार्म हाउस ले गए थे। वहां उन्होंने उन्हें खेती और प्रकृति से संबंधित कई नई जानकारियों के बारे में विस्तार से समझाया।

सुनील लहरी भारतीय सिनेमा के एक जाने-माने अभिनेता हैं, जिन्हें रामायण में 'लक्ष्मण' के किरदार के लिए प्रसिद्धी मिली है। अभिनय के क्षेत्र से दूर, सुनील अब अपने प्रोडक्शन हाउस का संचालन कर रहे हैं। उनके बेटे कृष भी एक टेलीविजन अभिनेता हैं, जिन्होंने प्रसिद्ध टीवी अभिनेत्री सारा खान से विवाह किया है। सारा खान 'विदाई' जैसे धारावाहिकों में काम कर चुकी हैं।