गर्दन में दर्द और अकड़न से मुक्ति: सर्वाइकल स्पोंडिलोसिस के लिए प्रभावी योगासन

गर्दन में दर्द और अकड़न से मुक्ति: सर्वाइकल स्पोंडिलोसिस के लिए प्रभावी योगासन

नई दिल्ली, 21 मई। योग दिवस आने में केवल एक महीना बचा है। इस अवसर पर भारत सरकार का आयुष मंत्रालय लोगों को योग के माध्यम से स्वास्थ्य बनाए रखने के लिए प्रेरित कर रहा है। मंत्रालय का स्पष्ट संदेश है, "योग-युक्त रहें, रोग-मुक्त रहें"। इसके तहत, मंत्रालय ने गर्दन की लगातार अकड़न और सर्वाइकल स्पोंडिलोसिस से ग्रसित व्यक्तियों के लिए उपयोगी योगासन और उनके लाभों की जानकारी दी है। आयुष मंत्रालय के मुताबिक, आजकल लंबे समय तक स्क्रीन के सामने झुककर बैठने और गलत मुद्रा में रहने से सर्वाइकल स्पोंडिलोसिस की समस्या बढ़ रही है। यह केवल गर्दन के दर्द तक सीमित नहीं है, बल्कि गतिशीलता को भी प्रभावित करती है और रोजमर्रा के कार्यों को करना भी कठिन बना देती है। लंबे समय तक यह अंदरूनी तनाव को बढ़ाता है और गर्दन तथा ऊपरी पीठ की मांसपेशियों को कमजोर करता है।

इस संदर्भ में योग विशेषज्ञों का मानना है कि नियमित योगाभ्यास इस समस्या का एक प्राकृतिक और प्रभावी समाधान हो सकता है। योगासन रीढ़ के जोड़ों को लचीला बनाते हैं, अकड़न को कम करते हैं और गर्दन तथा ऊपरी पीठ की मांसपेशियों को मजबूत करते हैं। इससे व्यक्ति की गतिशीलता में सुधार होता है और दर्द में भी काफी कमी आती है।

सर्वाइकल स्पोंडिलोसिस के लिए फायदेमंद योगासनों में अर्ध मत्स्येंद्रासन, उष्ट्रासन, ताड़ासन, अर्ध चक्रासन, भुजंगासन और मार्जरीआसन शामिल हैं। आयुष मंत्रालय का कहना है कि इन आसनों का नियमित अभ्यास करने से सर्वाइकल स्पोंडिलोसिस को नियंत्रित किया जा सकता है और गतिशीलता को पुनः प्राप्त किया जा सकता है। इन आसनों को अपनी दिनचर्या में शामिल करना चाहिए। योग शारीरिक दर्द के साथ-साथ मानसिक तनाव को भी कम करता है।

अर्ध मत्स्येंद्रासन रीढ़ को घुमाकर गर्दन और पीठ की अकड़न को दूर करता है, जबकि उष्ट्रासन छाती के अंगों की जकड़न को राहत देता है और गर्दन व कंधों की संकुचन को भी कम करता है। इसी तरह, ताड़ासन शरीर की मुद्रा में सुधार करता है और रीढ़ को मजबूत बनाता है, जबकि अर्ध चक्रासन कमर के साथ गर्दन की लचीलापन को भी बढ़ाता है। भुजंगासन पीठ की मांसपेशियों को मज़बूती प्रदान करता है और दर्द से राहत दिलाता है। साथ ही, मार्जरीआसन रीढ़ को पूरी तरह से लचीला बनाकर तनाव को दूर करने में मदद करता है।