गंगोत्री और यमुनोत्री धाम में 7.44 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किए दर्शन

गंगोत्री और यमुनोत्री धाम में 7.44 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किए दर्शन

उत्तरकाशी, 24 मई। जनपद उत्तरकाशी में स्थित श्री गंगोत्री और श्री यमुनोत्री धाम में चारधाम यात्रा श्रद्धा, आस्था और अच्छी व्यवस्था के साथ लगातार चल रही है। कपाट खुलने के बाद से देश-विदेश के श्रद्धालुओं का आगमन लगातार हो रहा है। जिला प्रशासन द्वारा यात्रा मार्गों और धामों में की गई व्यवस्थाओं के कारण यात्रा सुरक्षित और सुसंपन्न चल रही है। जिलाधिकारी प्रशांत आर्य के नेतृत्व में श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा का विशेष ध्यान रखते हुए रूट प्रबंधन, ट्रैक व्यवस्था, स्वास्थ्य सेवाएं और यातायात नियंत्रण की व्यवस्था की गई है। प्रशासनिक अधिकारियों और पुलिस बल की मुस्तैदी से यात्रा मार्ग पूरी तरह से सुरक्षित हैं।

रविवार की शाम 6:30 बजे तक दोनों धामों में कुल 36,186 श्रद्धालुओं ने दर्शन किया। इनमें से 18,885 श्रद्धालु श्री यमुनोत्री धाम में और 17,301 श्रद्धालु श्री गंगोत्री धाम में रहे। इस प्रकार, वर्तमान यात्रा सत्र में अब तक दोनों धामों में दर्शनार्थियों की कुल संख्या 7,44,379 हो चुकी है।

श्रद्धालुओं और वाहनों की सुचारू आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन पूरी तरह से सतर्क है। रविवार को दोनों धामों के लिए 3,590 वाहनों का सुरक्षित आवागमन हुआ, जिनमें 986 बड़े और 2,604 छोटे वाहन शामिल रहे। यमुनोत्री धाम की ओर 1,940 वाहन और गंगोत्री धाम की ओर 1,650 वाहन भेजे गए। अब तक यात्रा मार्गों पर 72,440 वाहनों के माध्यम से यात्रियों को परिवहन सेवाएं प्रदान की गई हैं।

यात्रा मार्गों पर यातायात को सुचारू रखने के लिए संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल और नोडल अधिकारियों को तैनात किया गया है। प्रशासन की निरंतर निगरानी से यात्रियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ रहा है।

स्वास्थ्य विभाग भी यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए नियमित स्वास्थ्य जांच और परीक्षण शिविर का आयोजन कर रहा है। रविवार को दोनों धामों में कुल 8,829 यात्रियों की स्वास्थ्य जांच की गई, जबकि 187 यात्रियों का गहन स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। यमुनोत्री मार्ग पर 5,868 और गंगोत्री मार्ग पर 2,961 यात्रियों की स्वास्थ्य जांच की गई।

चल रहे यात्रा सत्र में अब तक कुल 1,91,926 श्रद्धालुओं की स्वास्थ्य स्क्रीनिंग और 16,601 यात्रियों का सफल स्वास्थ्य परीक्षण किया जा चुका है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा उच्च हिमालयी क्षेत्रों में यात्रियों को किसी भी चिकित्सा समस्या से बचाने के लिए निरंतर निगरानी और चिकित्सा सेवाएं प्रदान की जा रही हैं।