प्रयागराज, 25 मई। गंगा दशहरा के शुभ अवसर पर त्रिवेणी संगम में लाखों भक्तों ने पवित्र जल में स्नान किया। सुबह से संगम तट पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखी गई। उन्होंने गंगा, यमुना और सरस्वती नदियों के संगम पर प्रार्थना, दान और भेंट अर्पित कर समृद्धि की कामना की। एक महिला श्रद्धालु ने बातचीत में कहा कि आज गंगा दशहरा का अहम पर्व है, जिसकी विशेष मान्यता है। संगम स्नान के बिना प्रयागराज में रहना एक बड़ी दुर्भाग्य की बात होगी। उन्होंने बताया कि वह अपने परिवार की सुख-शांति के लिए यहाँ स्नान, ध्यान और पूजा करने आई हैं।
दूसरी ओर, देवभूमि उत्तराखंड के हरिद्वार में भी गंगा दशहरा के उपलक्ष्य में हजारों भक्त सुबह से ही स्नान के लिए जुटे हुए थे। श्रद्धालुओं ने हर की पौड़ी और आस-पास के घाटों पर पवित्र जल में स्नान किया, साथ ही मां गंगा की पूजा कर दान-पुण्य किया और अपने लिए खुशहाली की प्रार्थना की।
हरिद्वार में श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए एसपी सिटी अभय सिंह ने कहा कि गंगा दशहरा के मौक पर सभी भक्तों को शुभकामनाएं। इस पर्व को हरिद्वार में भव्य उत्सव के रूप में मनाने की तैयारी की गई है। इसके लिए डीएम और एसएसपी की ओर से योजनाएँ तैयार की गई हैं।
एसपी सिटी ने यह भी बताया कि मेले के क्षेत्र को 11 जोन और 27 सेक्टर में बांटा गया है। विभिन्न स्थानों पर पुलिस टीमें, डॉग स्क्वाड, नदी पुलिस, घुड़सवार पुलिस और अग्निशामक दल तैनात किए गए हैं। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं को यहाँ से एक सुखद अनुभव लेकर जाना चाहिए। बड़ी संख्या में भक्त गंगा स्नान कर अपने यात्रा स्थलों के लिए प्रस्थान कर रहे हैं।