नई दिल्ली, 22 मई। कर्मचारी चयन आयोग (एसएससी) ने संयुक्त स्नातक स्तरीय परीक्षा 2026 के अंतर्गत विभिन्न मंत्रालयों, विभागों, कार्यालयों और कैडरों में ग्रुप 'बी' और 'सी' के लिए कुल 12,256 पदों पर भर्ती का आधिकारिक नोटिस जारी किया है। इस भर्ती में सहायक लेखा परीक्षा अधिकारी, सहायक लेखापरीक्षा अधिकारी, सहायक अनुभाग अधिकारी, आयकर निरीक्षक, केंद्रीय उत्पाद शुल्क निरीक्षक, निवारक अधिकारी, सब इंस्पेक्टर, इंस्पेक्टर, कार्यकारी सहायक, अनुसंधान सहायक, मंडल लेखाकार, उप निरीक्षक, जूनियर सांख्यिकी अधिकारी, सांख्यिकी अन्वेषक श्रेणी-द्वितीय, कार्यालय अधीक्षक आदि शामिल हैं।
इन पदों पर ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 21 मई से शुरू हो चुकी है और इसे भरने की अंतिम तिथि 22 जून निर्धारित की गई है। इच्छुक उम्मीदवार एसएससी की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर, निर्धारित समय सीमा के तहत अपना रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं। इसके अलावा, आवेदन शुल्क जमा करने की आखिरी तिथि 23 जून रात 11 बजे निर्धारित की गई है।
अगर आवेदन भरने के दौरान किसी प्रकार की गलती होती है, तो उम्मीदवारों के लिए त्रुटियों को सुधारने का विकल्प 29 जून से 1 जुलाई रात 11 बजे तक उपलब्ध रहेगा। हालांकि, संशोधन करने के लिए कैंडिडेट्स को एक तय शुल्क का भुगतान करना होगा।
आवेदकों के लिए शैक्षणिक योग्यता में मान्यता प्राप्त संस्थान से ग्रेजुएशन, पोस्ट-ग्रेजुएशन, चार्टर्ड अकाउंटेंट, कॉस्ट और मैनेजमेंट अकाउंटेंट, कंपनी सेक्रेटरी, मास्टर्स इन कॉमर्स, मास्टर्स इन बिजनेस स्टडीज या मास्टर्स इन बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन (फाइनेंस) होनी चाहिए। इसके साथ ही, प्रासंगिक क्षेत्र में निर्धारित अन्य योग्यताएं और कौशल भी जरूरी हैं।
उम्मीदवारों की न्यूनतम आयु 18 से 20 वर्ष और अधिकतम आयु पद के अनुसार 27 से 32 वर्ष के बीच होगी, जो 1 अगस्त के आधार पर गणना की जाएगी। आरक्षित वर्ग के कैंडिडेट्स को अधिकतम आयु में छूट दी जाएगी।
चयन की प्रक्रिया में पहले चरण में कंप्यूटर आधारित परीक्षा (सीबीई), दूसरे चरण में कंप्यूटर आधारित परीक्षा, शारीरिक परीक्षण और दस्तावेजों की जांच शामिल होगी। चयनित उम्मीदवारों को पद के अनुसार 25,500 से 1,51,100 रुपए प्रति माह वेतन मिलेगा। पहले चरण की सीबीई अगस्त से सितंबर और दूसरे चरण की सीबीई दिसंबर में आयोजित होने की संभावना है।
आवेदन करते समय उम्मीदवारों को अपने वर्गानुसार निर्धारित आवेदन शुल्क का ऑनलाइन भुगतान करना होगा, जो जनरल, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस के लिए 100 रुपए है। महिला अभ्यर्थियों, अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, विशेष विकलांगता वाले व्यक्तियों और पूर्व सैनिकों के लिए अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।