नोएडा, 23 मई। भारत के मौसम विज्ञान विभाग ने भीषण गर्मी और हीट वेव के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी करने के बाद शनिवार की सुबह मौसम में अचानक बदलाव देखा गया। सुबह से ही आसमान में घने बादल छा गए और तेज हवाओं ने आंधी जैसा अनुभव कराया। कई स्थानों पर हल्की बारिश हुई, जिससे गर्मी से थोड़ी राहत मिली। लेकिन यह राहत लंबे समय तक नहीं टिकने वाली, क्योंकि मौसम विभाग ने भविष्यवाणी की है कि अगले पांच दिनों तक गर्मी का असर जारी रहेगा।
आईएमडी द्वारा जारी स्थानीय मौसम रिपोर्ट के अनुसार, 23 से 28 मई तक लगातार हीट वेव की स्थिति बनी रहेगी। विभाग ने इस दौरान अधिकतम तापमान 44 से 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुँचने की संभावना व्यक्त की है। रिपोर्ट में अनुमान लगाया गया है कि 23 मई को अधिकतम तापमान 44 डिग्री और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री रहने की उम्मीद है। मौसम विभाग ने दिन के समय तेज हवाओं के साथ हीट वेव का अलर्ट भी जारी किया है।
24 मई को तापमान बढ़कर 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 27 डिग्री रहने की आशंका है। इस दिन भी दिन में तेज हवाएं और लू की स्थिति बनी रहने का अनुमान है। विभाग के अनुसार 25 मई को अधिकतम तापमान 45 डिग्री और न्यूनतम 30 डिग्री रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने 26 और 27 मई को भी 45 डिग्री के तापमान के साथ हीट वेव की चेतावनी जारी की है।
26 मई को न्यूनतम तापमान 29 डिग्री और आर्द्रता 30 से 20 प्रतिशत के बीच रहने की उम्मीद है। 27 मई को आर्द्रता 40 से 25 प्रतिशत तक बढ़ सकती है, जिससे बेहद गर्मी में बढ़ोतरी हो सकती है। 28 मई को भी अधिकतम तापमान 45 डिग्री और न्यूनतम 30 डिग्री रहने का अनुमान लगाया गया है। हालाँकि, शनिवार सुबह के मौसम में बदलाव ने लोगों को थोड़ी राहत दी, लेकिन विशेषज्ञों का मानना है कि यह एक अस्थायी स्थिति है।
तेज धूप, गर्म हवाएं और लगातार बढ़ता तापमान अगले दिनों में लोगों के लिए समस्याएं खड़ी कर सकता है। मौसम विभाग ने सलाह दी है कि लोग दोपहर में बाहर जाने से बचें, पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं और धूप से बचने के उपाय करें।