एमपीईजेड में 72 अप्रेंटिस पदों के लिए भर्ती शुरू, आवेदन की अंतिम तिथि जल्द

एमपीईजेड में 72 अप्रेंटिस पदों के लिए भर्ती शुरू, आवेदन की अंतिम तिथि जल्द

भोपाल, 22 मई। मध्य प्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड (एमपीईजेड), जबलपुर ने राज्य के स्थानीय युवाओं के लिए अप्रेंटिस एक्ट 1961 के तहत एक वर्षीय ग्रेजुएट और तकनीकी (डिप्लोमा) अप्रेंटिस के 72 पदों पर भर्ती का आधिकारिक नोटिस जारी किया है। इन रिक्तियों में ग्रेजुएट इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग के 22, ग्रेजुएट सिविल इंजीनियरिंग के 3, ग्रेजुएट वाणिज्य एवं लेखा के 13, तकनीकी (डिप्लोमा) इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग के 14, तकनीकी (डिप्लोमा) सिविल इंजीनियरिंग के 5 और ग्रेजुएट आईटी/सीएसई के 17 पद शामिल हैं।

आवेदन प्रक्रिया ऑफलाइन प्रारंभ हो चुकी है और इसे 25 मई तक पूरे करना है। इच्छुक उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि वे निर्धारित समय से पहले, यानी 25 मई की शाम 5.30 बजे से पहले, अपना आवेदन पत्र जमा करें।

आवेदकों को किसी मान्यता प्राप्त संस्था या विश्वविद्यालय से इस पद से संबंधित विषयों में बीई/बीटेक (इलेक्ट्रिकल या सिविल इंजीनियरिंग), बीकॉम, या डिप्लोमा (इलेक्ट्रिकल या सिविल इंजीनियरिंग) की डिग्री हासिल करनी चाहिए। इसके अलावा, बीई (आईटी/कंप्यूटर साइंस इंजीनियरिंग) की डिग्री भी मान्य है।

आवेदकों की न्यूनतम आयु 18 वर्ष और अधिकतम 30 वर्ष रखी गई है, जो कि 1 जनवरी के आधार पर दी जाएगी। आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को आयु सीमा में छुट दी जाएगी।

योग्य उम्मीदवारों का चयन मेरिट सूची, मेडिकल फिटनेस, और दस्तावेजों के सत्यापन के आधार पर किया जाएगा। ग्रेजुएट अप्रेंटिस पद पर चयनित होने वाले उम्मीदवारों को 12,300 रुपये और तकनीकी अप्रेंटिस पद पर चुने गए अभ्यर्थियों को 10,900 रुपये प्रति माह स्टाइपेंड दिया जाएगा।

आवेदन हेतु सबसे पहले एमपीईजेड की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। होमपेज पर संबंधित पद के लिए नोटिफिकेशन लिंक पर क्लिक करें, और दिए गए आवेदन फॉर्म को डाउनलोड करके उसका प्रिंट निकालें। फॉर्म में सभी आवश्यक जानकारी भरें और संबंधित दस्तावेजों को संलग्न करें। इसके बाद सभी चीजों को एक लिफाफे में डालकर 'कार्यालय मुख्य महाप्रबंधक (प्रशिक्षण), केंद्रीय प्रशिक्षण संस्थान एसपीबी-2 नयागांव जबलपुर (मप्र)-482008' पते पर भेज दें। साथ ही, आवेदन पत्र की एक प्रति भविष्य के संदर्भ के लिए सुरक्षित रख लें।

उम्मीदवार ध्यान दें कि ऑफलाइन आवेदन करने से पहले एनएटीएस की अप्रेंटिसशिप पोर्टल पर जाकर रजिस्ट्रेशन करना और अपना अप्रेंटिस प्रोफाइल पूरा करना आवश्यक है।