एक्जिम बैंक में प्रबंधन प्रशिक्षुओं की भर्ती, आवेदन की अंतिम तिथि 14 जून

एक्जिम बैंक में प्रबंधन प्रशिक्षुओं की भर्ती, आवेदन की अंतिम तिथि 14 जून

नई दिल्ली, 20 मई। बैंकिंग क्षेत्र में रोजगार की तलाश में जुटे युवाओं के लिए एक शानदार अवसर आया है। इंडिया एक्जिम बैंक ने प्रबंधन प्रशिक्षुओं (मैनेजमेंट ट्रेनी) के 5 पदों पर बहाली के लिए आधिकारिक सूचना जारी की है, जिसके तहत सीधी भर्ती प्रक्रिया शुरू की गई है। एक्जिम बैंक द्वारा जारी की गई सूचना में अनारक्षित श्रेणी के लिए 4 और ओबीसी (एनसीएल) के लिए 1 पद दर्शाए गए हैं। इच्छुक उम्मीदवारों के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 15 मई से प्रारंभ हो चुकी है और आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 14 जून निर्धारित की गई है। इसलिए, जो भी व्यक्ति आवेदन करने के इच्छुक हैं, उन्हें सलाह दी जाती है कि वे अंतिम तिथि से पहले अपना आवेदन फॉर्म भरें।

आवेदन देने वाले उम्मीदवारों को मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से संबंधित क्षेत्र में ग्रेजुएशन के साथ-साथ होटल और हॉस्पिटैलिटी प्रबंधन या समकक्ष में पोस्ट-ग्रेजुएशन (जैसे कि MBA/PGDBA/PGDBM/MMS) या सिविल इंजीनियरिंग में बीटेक की डिग्री होनी चाहिए, जिसमें न्यूनतम 60 प्रतिशत अंक प्राप्त होना अनिवार्य है।

इन पदों के लिए आवेदन करने वालों की न्यूनतम आयु 21 वर्ष और अधिकतम आयु 28 वर्ष होनी चाहिए, जिसका निर्धारण 30 अप्रैल के अनुसार होगा। इसके अलावा, आरक्षित श्रेणी के उम्मीदवारों को अधिकतम आयु सीमा में सरकारी नियमों के अनुसार छूट मिलेगी।

चयनित योग्य अभ्यर्थियों का चयन 100 अंकों की लिखित परीक्षा, व्यक्तिगत साक्षात्कार और दस्तावेज़ सत्यापन के आधार पर किया जाएगा। सफल उम्मीदवारों को प्रति माह 48,480 से 85,920 रुपए तक की वेतन राशि मिलेगी।

आवेदन करते समय उम्मीदवारों को अपनी श्रेणी के अनुसार निर्धारित आवेदन शुल्क का भुगतान ऑनलाइन करना होगा, जो सामान्य/ओबीसी के लिए 600 रुपए और अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति/पीडब्ल्यूबीडी/ईडब्ल्यूएस और महिला उम्मीदवारों के लिए 100 रुपए है।

ऑनलाइन आवेदन करने के लिए सबसे पहले एक्जिम बैंक की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। होमपेज पर जाकर संबंधित पद के लिए सक्रिय आवेदन लिंक पर क्लिक करें। फिर रजिस्ट्रेशन कर लॉगिन करें। फॉर्म में आवश्यक जानकारी भरें और सभी दस्तावेज़ सही आकार में अपलोड करें। उसके बाद आवेदन शुल्क का भुगतान करें और फॉर्म को सबमिट कर दें। अंत में, आवेदन पत्र की एक कॉपी निकालकर भविष्य के संदर्भ के लिए सुरक्षित रख लें।