मुंबई, 21 मई। अभिनेता बॉबी देओल की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'बंदर' का ट्रेलर गुरुवार को पेश किया गया। यह फिल्म सच्ची घटनाओं पर आधारित है, जो एक व्यक्ति की कहानी बताती है, जिसे डेटिंग ऐप के उपयोग के बाद बलात्कार का गलत आरोप झेलना पड़ता है और वह जेल चला जाता है।
ढाई मिनट की इस झलक में बॉबी का एक नया अवतार देखने को मिल रहा है, जिससे फैंस फिल्म के लिए उत्साहित हैं। बॉबी अपने किरदार के साथ पूरी तरह से फिट होते हुए स्मार्ट और आकर्षक नजर आ रहे हैं।
बॉबी एक प्रसिद्ध व्यक्ति का किरदार निभा रहे हैं, जिसकी लोकप्रियता अब कम होने लगती है। स्टेज पर वह बहुत घमंडी और नखरेबाज दिखाई देता है, लेकिन असल में वह बेहद अकेला है। अकेलेपन से निजात पाने के लिए वह डेटिंग ऐप का सहारा लेता है और कई लड़कियों को राइट स्वाइप करता है, तभी उसकी जिंदगी में एक ऐसा नाम आता है जो सब कुछ बदल देता है।
ट्रेलर के कुछ ही पलों में कहानी का एक बड़ा मोड़ सामने आता है। फिल्म में बॉबी जिस लड़की के साथ हंसते-मुस्कुराते हैं, वही लड़की कुछ ही समय बाद उसे बलात्कार के झूठे आरोप में सलाखों के पीछे डाल देती है। उसकी मुस्कान गायब हो जाती है, तालियों की गूंज थम जाती है, और उसकी दुनिया जैसे बंद हो जाती है। यह कहानी एक ऐसे सिस्टम की ओर इशारा करती है, जो हमेशा सही निर्णय नहीं लेता है।
ट्रेलर में कई सितारे जैसे सान्या मल्होत्रा, राज.बी., शेट्टी, सपना पब्बी, सबा आजाद, रिद्धि सेन, जितेंद्र जोशी, नागेश भोसले शामिल हैं, जिन्होंने अपनी बेहतरीन अदाकारी से कहानी को और भी रोचक बना दिया है। इस प्रोजेक्ट में पहली बार अनुराग कश्यप और बॉबी ने एक साथ काम किया है।
फिल्म का निर्देशन अनुराग कश्यप ने किया है और इसका लेखन सुदीप शर्मा व अभिषेक बनर्जी ने किया है। फिल्म में बेहतरीन कलाकारों की टोली है। इसे निखिल द्विवेदी की सैफ्रन मैजिकवर्क्स और जी स्टूडियोज के सहयोग से प्रस्तुत किया जा रहा है। 'बंदर' 5 जून को दुनियाभर के सिनेमाघरों में दस्तक देने जा रही है।