नई दिल्ली, 22 मई। एआई इंजीनियरिंग सर्विसेज लिमिटेड (एआईईएसएल) ने ट्रेनी एयरक्राफ्ट मेंटेनेंस इंजीनियर के लिए कुल 65 पदों के लिए एक आधिकारिक सूचना जारी की है, जिसमें योग्य अभ्यर्थियों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। ध्यान देने वाली बात यह है कि भर्तियों की संख्या अस्थायी है और कंपनी की आवश्यकताओं के अनुसार इसमें बदलाव किया जा सकता है। एआईईएसएल ने ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 21 मई से आरंभ कर दी है, जो 26 मई को समाप्त होगी। इच्छुक उम्मीदवार एआईईएसएल की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अंतिम तिथि से पहले, अर्थात 26 मई को शाम 5 बजे तक अपना रजिस्ट्रेशन फॉर्म प्रस्तुत कर सकते हैं।
आवेदन करने वालों को संबंधित श्रेणी के अंतर्गत डीजीसीए द्वारा आयोजित ज्ञान परीक्षा उत्तीर्ण करनी आवश्यक है। साथ ही, डीजीसीए के सभी बी1 या बी2 मॉड्यूल पास करना अनिवार्य है, या फिर उनके पास एआईईएसएल के अंतर्गत बी1 या बी2 का डीजीसीए लाइसेंस होना चाहिए। प्राथमिकता उन अभ्यर्थियों को दिया जाएगा, जिनके पास आरटी लाइसेंस है। इसके अलावा, आवेदकों के पास विमानन क्षेत्र में कम से कम 5 वर्षों का अनुभव होना चाहिए, जिसमें से कम से कम 2 वर्ष एआईईएसएल में काम किया होना चाहिए।
आवेदकों की अधिकतम आयु 52 वर्ष निर्धारित की गई है, जिसका आंकलन 1 मई के आधार पर किया जाएगा। आरक्षित वर्ग के आवेदकों को अधिकतम आयु सीमा में छूट प्रदान की जाएगी। योग्य उम्मीदवारों का चयन एक विशेष समिति द्वारा पात्रता मानदंडों के मूल्यांकन के आधार पर किया जाएगा।
ऑनलाइन आवेदन करने के लिए उम्मीदवार को सबसे पहले एआईईएसएल की आधिकारिक वेबसाइट पर जाना होगा। होमपेज पर संबंधित पद के लिए दिए गए सक्रिय आवेदन लिंक पर क्लिक करें। इसके बाद रजिस्ट्रेशन कर लॉगिन करें। सभी आवश्यक जानकारियों को फॉर्म में भरें और मांगे गए दस्तावेजों को सही आकार में अपलोड करें। अंत में, रजिस्ट्रेशन फॉर्म की एक बार जाँच कर सबमिट करें और भविष्य के संदर्भ के लिए आवेदन पत्र का प्रिंट आउट सुरक्षित रखें।