डीपीसीसी में वैज्ञानिक समेत 52 विभिन्न पदों के लिए भर्ती, 2 लाख से अधिक वेतन, आवेदन की अंतिम तिथि जानें

डीपीसीसी में वैज्ञानिक समेत 52 विभिन्न पदों के लिए भर्ती, 2 लाख से अधिक वेतन, आवेदन की अंतिम तिथि जानें

नई दिल्ली, 22 मई। नौकरी की तलाश कर रहे लोगों के लिए एक सुनहरा अवसर आया है। दिल्ली प्रदूषण नियंत्रण समिति (डीपीसीसी) ने सरकारी संस्थानों, अनुसंधान संस्थाओं और सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों में कार्यरत उम्मीदवारों से वैज्ञानिक समेत 52 पदों पर भर्ती के लिए एक आधिकारिक अधिसूचना जारी की है। इनमें 7 वरिष्ठ पर्यावरण इंजीनियर्स, 15 पर्यावरण इंजीनियर्स, 11 सहायक पर्यावरण इंजीनियर्स, 1 वरिष्ठ वैज्ञानिक एल-II (वैज्ञानिक-डी), 2 वरिष्ठ वैज्ञानिक एल- I (वैज्ञानिक-सी), 1 वैज्ञानिक-बी, 4 वैज्ञानिक सहायक, 5 वरिष्ठ प्रयोगशाला सहायक, 1 सहायक विधि अधिकारी और 5 कानूनी सहायक के पद शामिल हैं。

इन पदों के लिए आवेदन प्रक्रिया 18 मई से ऑफलाइन प्रारंभ हो चुकी है। पहले चरण में आवेदन प्राप्त करने की आखिरी तारीख 31 मई, दूसरे चरण में 15 जून और तीसरे चरण में 30 जून निर्धारित की गई है। जो उम्मीदवार आवेदन करना चाहते हैं, उन्हें सलाह दी जाती है कि वे समय सीमा के अनुसार अपना आवेदन जमा करें।

आवेदकों को किसी मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से संबंधित क्षेत्र में इंजीनियरिंग की मास्टर या बैचलर डिग्री (जैसे सिविल, पर्यावरण, रसायन, विद्युत, यांत्रिक, ईसीई, बायोमेडिकल, जल संसाधन, रिमोट सेंसिंग, जीआईएस, हाइड्रोलॉजी), विज्ञान में उच्च डिग्री, कानून की डिग्री और प्रदूषण नियंत्रण या उससे संबंधित क्षेत्रों में अनुभव होना आवश्यक है। इसके अलावा, प्रासंगिक क्षेत्र में अन्य आवश्यक योग्यताएं और कौशल भी जरूरी हैं।

आवेदकों की अधिकतम आयु सीमा 56 वर्ष निर्धारित की गई है, जो आवेदन की अंतिम तिथि से मापी जाएगी। आरक्षित श्रेणियों के उम्मीदवारों को सरकारी नियमों के अनुसार उम्र सीमा में छूट प्रदान की जाएगी।

योग्य उम्मीदवारों का चयन आवेदन पत्र की जांच, दस्तावेजों का सत्यापन और सक्षम प्राधिकारी द्वारा किया जाएगा, जिसके बाद चयनित उम्मीदवारों को पद के अनुसार 35,400 से लेकर 2,09,200 रुपए तक का मासिक वेतन दिया जाएगा।

आवेदन करने के लिए, अभ्यार्थियों को सबसे पहले डीपीसीसी की आधिकारिक वेबसाइट पर जाना होगा। वहां होमपेज पर संबंधित पद के लिए जारी अधिसूचना के लिंक पर क्लिक करें। फिर नोटिफिकेशन से आवेदन फॉर्म डाउनलोड कर उसका प्रिंट आउट लें। फॉर्म में मांगी गई जानकारी भरें और सभी आवश्यक दस्तावेजों को संलग्न करें। इसके बाद सबको एक लिफाफे में डालकर 'प्रशासनिक अधिकारी, डीपीसीसी, तीसरी मंजिल, आईटी पार्क, डीएमआरसी बिल्डिंग, शास्त्री पार्क, दिल्ली-110053' पते पर समय सीमा के भीतर भेज दें।