ग्रेटर नोएडा, 20 मई। उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में दीपिका के दहेज हत्या मामले में पुलिस ने चौथा आरोपी पकड़ लिया है। अब मृतका की सास पूनम को भी हिरासत में लिया गया है। इससे पहले पुलिस ने दीपिका के पति ऋतिक, ससुर मनोज और चचिया ससुर विनोद को गिरफ्तार किया था। पुलिस द्वारा लगातार छापेमारी और स्थानीय खुफिया जानकारी के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने में सफलता मिली है। बताया गया है कि ईकोटेक तृतीय थाने की पुलिस ने बुधवार को पूनम को अरेस्ट किया, जो जलपुरा की निवासी और मृतका की सास है। यह गिरफ्तारी स्थानीय इंटेलिजेंस और सर्विलांस टीम की मदद से की गई।
17 मई को ईकोटेक तृतीय थानाक्षेत्र में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया था। मृतका के परिवार वालों ने ससुराल पक्ष पर दहेज उत्पीड़न और प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए थे। इस शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर तफ्तीश शुरू की थी।
जांच के दौरान, पुलिस ने पहले 18 मई को ससुर मनोज और पति ऋतिक को गिरफ्तार किया, इसके बाद 20 मई को चचिया ससुर विनोद को भी हिरासत में लिया गया। अब सास पूनम की गिरफ्तारी के बाद कुल चार आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
पुलिस के अधिकारियों के अनुसार, मामले की गहराई से जांच की जा रही है और सभी पहलुओं पर ध्यान दिया जा रहा है। पुलिस ने वादा किया है कि आरोपियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस घटना के बाद से क्षेत्र में विरोध का माहौल बना हुआ है और मृतका के परिवार ने आरोपियों को सख्त सजा देने की मांग उठाई है।