दिल्ली-एनसीआर में मौसम का येलो अलर्ट, तेज आंधी और हल्की बारिश की संभावना

दिल्ली-एनसीआर में मौसम का येलो अलर्ट, तेज आंधी और हल्की बारिश की संभावना

नोएडा, 25 मई। दिल्ली-एनसीआर में नौतपा से पहले मौसम ने अपना मिजाज बदल दिया है। भारतीय मौसम विभाग ने दिल्ली सहित एनसीआर क्षेत्र के लिए येलो अलर्ट जारी कर दिया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, आने वाले दिनों में तेज आंधी, धूल भरी हवाएं और हल्की बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक की गति से तेज हवाओं का अनुमान लगाया है।

मौसम विभाग द्वारा जारी किए गए नवीनतम पूर्वानुमान के मुताबिक, 25 से 27 मई तक दिल्ली-एनसीआर में अत्यधिक गर्मी और हीट वेव का प्रभाव रहेगा, हालाँकि, कुछ समय बादल छाने और हल्की बारिश से तापमान में थोड़ी कमी आ सकती है। उनका कहना है कि 25 मई को अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 30 डिग्री रहने की संभावना है।

इस दिन आसमान में सामान्यत: बादल रहेंगे और हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है। दोपहर और शाम के समय तेज हवाओं के बीच हीट वेव की स्थिति भी बनी रहने की आशंका है। 26 मई के लिए भी मौसम का यही हाल रहने का अनुमान है, जिसमें अधिकतम तापमान 44 डिग्री और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री होने की संभावना है।

मौसम विभाग ने इसी दिन भी दोपहर और शाम में तेज हवाओं और हीट वेव के बारे में चेतावनी दी है। 27 मई को भी अधिकतम तापमान 44 डिग्री और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री रह सकता है। इस दौरान गर्म हवाएं नागरिकों को परेशानी में डाल सकती हैं, लेकिन 28 मई से मौसम में बड़ा परिवर्तन देखने को मिल सकता है।

मौसम विभाग के अनुसार, 28 मई को अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस तक गिरने की उम्मीद है, जबकि न्यूनतम तापमान 30 डिग्री तक रहेगा। उस दिन बादल छाए रहने और हल्की बारिश या बूंदाबांदी की संभावना है। विभाग ने इस दिन किसी भी चेतावनी का ऐलान नहीं किया है। उसके बाद, 29 मई को तापमान के और घटने की संभावना जताई गई है।

मौसम विभाग के अनुसार, अधिकतम तापमान 36 डिग्री और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री रहने की उम्मीद है। 30 मई के लिए भी अधिकतम तापमान 36 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री तक पहुंचने का पूर्वानुमान है। इन दिनों भी आसमान में बादल छाए रहने और हल्की बारिश की संभावना बनी रहेगी। मौसम विशेषज्ञों का यह मानना है कि तेज हवाओं और हल्की बारिश से नौतपा के शुरुआती दिनों में गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है।

इसका मुख्य कारण यह है कि 46 डिग्री सेल्सियस के पार तापमान जाने की संभावनाएं वर्तमान में कम दिखाई दे रही हैं। हालांकि दोपहर में लू और उमस जनता को परेशान कर सकती है। इसलिए मौसम विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि वे दोपहर में बाहर न निकलें, पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं और सतर्क रहें।