दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने राजधानी में धमकी और रंगदारी वसूलने की योजना बना रहे कुख्यात गैंगस्टर कपिल सांगवान उर्फ नंदू गैंग के तीन शार्पशूटर्स और दो हथियार सप्लायर्स को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों से तीन सेमी-ऑटोमैटिक पिस्टल, चार जिंदा कारतूस और तीन मोबाइल फोन भी बरामद किए।
गिरफ्तार किए गए शार्पशूटर्स में पंजाब के अमृतसर के निवासी अभिषेक, साहिल और हर्षदीप उर्फ पोलू शामिल हैं, जबकि हथियार सप्लाई करने वाले करण उर्फ अंकुश और अमन का संबंध हरियाणा के कैथल से है।
पुलिस के अनुसार, ये सभी आरोपी नंदू के निर्देश पर दिल्ली के छावला इलाके में एक क्लिनिक पर फायरिंग करने की योजना बना रहे थे। लेकिन, भीड़-भाड़ की वजह से ये अपनी योजना को कार्यान्वित नहीं कर सके और वापस लौट गए। स्पेशल सेल की उत्तरी रेंज की टीम ने 20 मार्च को कार्रवाई करते हुए पहला आरोपी अभिषेक गिरफ्तार किया और पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर अन्य आरोपियों को भी पकड़ा।
जांच में पता चला है कि कपिल सांगवान उर्फ नंदू विदेश से रंगदारी का नेटवर्क चला रहा था। दिल्ली में हथियारों और अन्य सामग्री की व्यवस्था उसके कैथल स्थित सहयोगियों द्वारा की जा रही थी। पुलिस का कहना है कि इनकी गिरफ्तारी ने राजधानी में एक बड़ी फायरिंग की योजना को विफल कर दिया है।
पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार हर्षदीप उर्फ पोलू नंदू गैंग के सीधे संपर्क में था और उसने साहिल व अभिषेक को वारदात के लिए तैयार किया था। वहीं, करण और अमन दिल्ली में हथियारों की सप्लाई करने का काम कर रहे थे।
स्पेशल सेल ने बताया कि कुछ आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी है। साहिल के खिलाफ अमृतसर में विभिन्न धाराओं के तहत मामले दर्ज हैं, जबकि हर्षदीप पर चोरी और अन्य अपराधों के मामले हैं। करण के खिलाफ हरियाणा में आर्म्स एक्ट के तहत भी मामला दर्ज है। दिल्ली पुलिस इस गिरोह के पूरे नेटवर्क और रंगदारी रैकेट से जुड़े अन्य व्यक्तियों की खोज में जुटी है। मामले की जांच जारी है।