नई दिल्ली, 22 मई। राजधानी दिल्ली में तेज गर्मी के बीच आग लगने के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। शुक्रवार की शाम को पूर्वी दिल्ली के विवेक विहार थाना क्षेत्र में रेलवे ट्रैक के पास कूड़े के ढेर में अचानक आग भड़क उठी। आग ने तेजी से फैलते हुए पूरे इलाके में काले धुएं को बिखेर दिया। कचरे में उपस्थित प्लास्टिक और अन्य ज्वलनशील सामग्रियों के चलते आग का दायरा तेजी से बढ़ता चला गया। इस धुएं के कारण आसपास के निवासियों में अफरातफरी मच गई। रेलवे ट्रैक पर यात्रा कर रहे यात्रियों को भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। कई यात्रियों ने बताया कि धुआं ट्रेन की बोगियों में भी घुस गया, जिससे उन्हें सांस लेने में परेशानी हो रही थी। लोगों ने खिड़कियों को बंद करके यात्रा पूरी की।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शाम के करीब छह बजे रेलवे लाइन के समीप धुएं का गुबार देखने को मिला। कुछ ही मिनटों में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और उसका धुआं दूर-दूर तक फैलने लगा। आग इतनी भयानक थी कि आस-पास के घरों और सड़कों पर भी धुआं भर गया।
घटना के तुरंत बाद फायर विभाग को सूचित किया गया। फायर विभाग को शाम 6 बजकर 9 मिनट पर कॉल मिली, जिसके बाद फायर टेंडर मौके पर भेजे गए। आग बुझाने के लिए तीन फायर टेंडर्स और दो पानी के टैंकर मौके पर पहुंचे। दमकलकर्मियों ने काफी मेहनत के बाद आग पर काबू पाया। शाम तक फायर विभाग की टीम मौके पर बनी रही और आग बुझाने का काम जारी रखा।
फायर अधिकारी महेश कुमार ने कहा, "हमें रेलवे लाइन के पास कूड़े में आग लगने की सूचना मिली थी। हमारी तीन वाटर बाउजर और दो टैंकर वहां पहुंचे और आग को नियंत्रित कर लिया है।"
वहीं, फायर विभाग को कॉल करने वाले राजकुमार तिवारी ने बताया कि अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि कूड़े में आग कैसे लगी।
स्थानीय निवासी परविंदर सिंह ने कहा, "मेरे घरों में धुआं भर गया था। जब बाहर निकले, तो देखा कि भयानक आग लगी हुई है। बाद में पता चला कि यह कूड़े के ढेर में आग लगी है।"
स्थानीय लोगों का मानना है कि दिल्ली में बढ़ती गर्मी और खुले में पड़े कचरे के ढेर ऐसी घटनाओं का प्रमुख कारण बन रहे हैं। बढ़ते तापमान के चलते ज्वलनशील कचरे में आग लगने की घटनाएं बढ़ रही हैं, जिससे आमजन की सुरक्षा को गंभीर खतरा उत्पन्न हो रहा है। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।