दिल्ली क्राइम ब्रांच ने स्नैचर सोमवीर की गिरफ्तारी की, चुराई गई बाइक और मोबाइल बरामद

दिल्ली क्राइम ब्रांच ने स्नैचर सोमवीर की गिरफ्तारी की, चुराई गई बाइक और मोबाइल बरामद

नई दिल्ली, 24 मई। दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने एक महत्वपूर्ण कार्रवाई में सक्रिय स्नैचर और आर्म्स एक्ट के तहत वांछित अपराधी सोमवीर उर्फ सोमबीर (26) को गिरफ्तार कर लिया है। यह गिरफ्तारी त्रिलोकपुरी क्षेत्र से हुई है। पुलिस के अनुसार, सोमवीर पर पहले से लूट, स्नैचिंग, चोरी और आर्म्स एक्ट से संबंधित 14 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। दरअसल, क्राइम ब्रांच की एआरएससी टीम को 20 मई को एक गुप्त सूचना मिली थी कि सोमवीर चोरी की मोटरसाइकिल पर त्रिलोकपुरी मार्केट के निकट अपने साथियों से मिलने वाला है और किसी घटना को अंजाम देने की तैयारी कर रहा है। इस सूचना के आधार पर इंस्पेक्टर केके शर्मा के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया, जिसमें एसआई मोहित यादव, एसआई अमित कुमार, एएसआई मोहम्मद तलीम, एएसआई श्याम सिंह, हेड कांस्टेबल महेश, सुनील, रविंदर, कांस्टेबल सुमित कुमार और महिला कांस्टेबल नीशू शामिल थे। इस पूरी कार्रवाई की निगरानी एसीपी संजय कुमार नागपाल ने की।

पुलिस ने आरोपी को पकड़ने के लिए जाल बिछाया और उसे दबोच लिया। उसकी तलाशी में एक चोरी की मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन बरामद हुए। बरामद की गई मोटरसाइकिल थाना वेलकम क्षेत्र में दर्ज एफआईआर नंबर 023966/25 से चोरी की गई थी। वहीं, एक मोबाइल फोन ई-एनसीआर नंबर 1999999/24, क्राइम ब्रांच दिल्ली से चोरी का निकला, जबकि दूसरे मोबाइल की जांच अभी भी चल रही है।

पुलिस की जांच में पता चला है कि आरोपी थाना कल्याणपुरी के दो मामलों में वांछित था, जिनमें स्नैचिंग और आर्म्स एक्ट के मामले शामिल थे। दोनों मामलों में अदालत द्वारा उसके खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी किए गए थे। गिरफ्तारी से बचने के लिए सोमवीर लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था और वर्तमान में त्रिलोकपुरी में रह रहा था।

पुलिस के अनुसार, सोमवीर मूल रूप से कल्याणपुरी का निवासी है और आर्थिक परेशानियों के चलते 8वीं कक्षा के बाद पढ़ाई छोड़ दी थी। वह अपने पिता के साथ सफाई कर्मचारी के रूप में कार्यरत था। इसी बीच, वह इलाके के आदतन अपराधियों के संपर्क में आया और धीरे-धीरे लूट, स्नैचिंग और चोरी जैसी गतिविधियों में शामिल हो गया। वर्तमान में, वह सफाई कर्मचारी और ऑटो चालक का काम कर रहा था।