दिल्ली के मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के बीच मुलाकात, समन्वय पर चर्चा

दिल्ली के मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के बीच मुलाकात, समन्वय पर चर्चा

नई दिल्ली, 25 मई। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सोमवार को दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता से उनके आवास पर भेंट की। इस बैठक में दोनों नेताओं ने सार्वजनिक कल्याण, सुशासन, शहरों के विकास, सार्वजनिक सेवाओं के विस्तार और राज्यों के बीच सहयोग को बेहतर बनाने के विषय पर विचार किया। मुख्यमंत्री साय ने छत्तीसगढ़ में चल रहे विकास कार्यों और कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी साझा की। दोनों मुख्यमंत्रियों ने सहयोग और राज्यों की भूमिका को देश के विकास में महत्वपूर्ण बताया। इस दौरान कई समसामयिक मुद्दों पर भी चर्चा हुई।

दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता ने मुलाकात की तस्वीरें साझा करते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, ''छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से शिष्टाचार भेंट हुई। इस मुलाकात के दौरान हमने दोनों राज्यों के बीच सहयोग को बढ़ाने और विकास के विभिन्न पहलुओं पर सकारात्मक चर्चा की। दोनों राज्यों का सतत विकास और सहयोग, हमारे साझा लक्ष्य विकसित भारत को आगे बढ़ाने में मदद करेगा।''

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री साय ने एक्स पर अपनी मुलाकात की जानकारी साझा करते हुए लिखा, ''नई दिल्ली में आज मुख्यमंत्री निवास पर दिल्ली की माननीय सीएम रेखा गुप्ता से शिष्टाचार भेंट हुई। इस अवसर पर हमने सुशासन, जनकल्याण और राज्यों के बीच समन्वय के मुद्दों पर सारगर्भित चर्चा की।''

इससे पहले, सीएम साय ने रविवार को ऐतिहासिक लाल किला मैदान में आयोजित ''राष्ट्रीय जनजाति सांस्कृतिक समागम'' के दौरान दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से शिष्टाचार मुलाकात की थी।

सीएम साय ने प्रदेशवासियों को गंगा दशहरा की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने एक्स पर लिखा, ''मां गंगा की कृपा से आपके जीवन में सुख, समृद्धि, यश और उत्तम स्वास्थ्य का निरंतर संचार हो। यह पावन पर्व सभी के जीवन में शांति और सकारात्मकता लाए।''