दिल्ली: करोल बाग में नकली यूएनओ मिंडा स्विचों का बड़ा रैकेट पकड़ा, तीन लोग गिरफ्तार

दिल्ली: करोल बाग में नकली यूएनओ मिंडा स्विचों का बड़ा रैकेट पकड़ा, तीन लोग गिरफ्तार

नई दिल्ली, 23 मई। दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच की एआरएससी टीम ने करोल बाग में नकली ऑटो पार्ट्स के कारोबार का भंडाफोड़ करते हुए यूएनओ मिंडा ब्रांड के 10,650 फर्जी स्विच बरामद किए हैं। इस सिलसिले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। क्राइम ब्रांच के अधिकारियों के अनुसार, आरोपी विदेश से सस्ते ऑन/ऑफ स्विच लाते थे, जिनपर यूएनओ मिंडा का ट्रेडमार्क जाली तरीके से लगा दिया जाता था और उन्हें असली उत्पाद के तौर पर बेचा जाता था। इससे उन्हें काफी लाभ होता था।

एसीपी संजय कुमार नागपाल के मार्गदर्शन में इंस्पेक्टर रॉबिन त्यागी की टीम को 19 मई 2026 को विश्वसनीय सूचना प्राप्त हुई। उसके बाद टीम ने यूएनओ मिंडा कंपनी के अधिकारियों के साथ मिलकर करोल बाग में छापेमारी की।

इस छापेमारी में कुल 10,650 नकली यूएनओ मिंडा स्विच मिले। इनमें से 8,500 स्विच मल्होत्रा एंटरप्राइज, 650 कनक ऑटो स्पेयर्स और 1,500 परी एंटरप्राइजेज से जब्त किए गए। पुलिस ने राजेश मल्होत्रा (मल्होत्रा एंटरप्राइज के मालिक), सोम भुटानी (कनक ऑटो स्पेयर्स के मालिक) और कमल रसवंत (परी एंटरप्राइजेज के मालिक) को गिरफ्तार किया है।

तीनों गिरफ्तार आरोपी पिछले 15-20 वर्षों से ऑटो पार्ट्स के थोक व्यापार में सक्रिय थे। पूछताछ के दौरान उन्होंने बताया कि वे विदेश से सस्ते स्विच लाकर उन पर यूएनओ मिंडा का नाम लगाकर उन्हें असली माल की तरह बेचते थे।

इस मामले में 20 मई 2026 को क्राइम ब्रांच में एफआईआर संख्या 133/2026 दर्ज की गई है। आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 318(4), 336(3) और कॉपीराइट अधिनियम की धारा 63 के तहत मामला दर्ज किया गया है।

क्राइम ब्रांच के अधिकारियों ने बताया कि यह रैकेट केवल करोल बाग तक सीमित नहीं है। आगे की जांच में पूरे नेटवर्क, सप्लाई चेन और अन्य सहयोगियों की पहचान की जा रही है। सभी बरामद स्विच विदेश से आयात किए गए थे।

दिल्ली पुलिस ने नकली और डुप्लीकेट उत्पादों के खिलाफ अपनी कार्रवाई को तेज कर दिया है। ऐसे उत्पाद न केवल ब्रांडेड कंपनियों के लिए नुकसानदायक हैं, बल्कि उपभोक्ताओं की सुरक्षा के लिए भी खतरा पैदा करते हैं, खासकर ऑटो पार्ट्स के मामले में।

पुलिस उपायुक्त (अपराध शाखा) संजीव कुमार यादव ने टीम की गतिविधियों की सराहना करते हुए कहा कि नकली सामान के व्यापार पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी।